सीजी- छत्तीसगढ़: अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में आरोपी सरपंच गिरफ्तार, भेजा जेल – INA

पुलिस ने समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी सरपंच ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन किया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। राज्य में बाउंड ओवर की शर्त तोड़ने पर जेल भेजने का यह पहला मामला सामने आया है।

प्रशासनिक अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी

समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने सरपंच अरुण गौतम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सरपंच ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की है। शिकायत और अनुविभागीय दंडाधिकारी दुर्ग से मिले ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाने की पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया और पोस्ट करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया।

बाउंड ओवर की शर्त का किया उल्लंघन

पुलिस के अनुसार अरुण गौतम के खिलाफ पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद उन्होंने दोबारा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की। इस कारण बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन का मामला सामने आया। पुलिस ने बाउंड ओवर निरस्त करने और उसे जब्त करने के लिए उप प्रभागीय दंडाधिकारी यानी एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन पेश किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

अफीम की खेती का किया था खुलासा

सरपंच अरुण गौतम पूर्व में समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला उजागर करने के कारण चर्चा में आए थे। समोदा गांव में मार्च 2026 में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया था। खेत में लाखों की संख्या में अफीम के पौधे मिलने के बाद पूरे प्रदेश में इसकी चर्चा हुई थी। उनकी शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की थी। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र भी पेश किया था।


Credit By Amar Ujala

Back to top button