यूपी – धनतेरस 2026: मथुरा में बाजारों पर जमकर हुई धनवर्षा, सराफा बाजार सबसे आगे; जमकर हुई वाहनों की बिक्री – INA

मथुरा में धनतेरस पर मथुरा के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सोना-चांदी, वाहन, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर मिठाई, फूल और सजावटी सामान तक की दुकानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखा। कारोबारियों को धनतेरस से दिवाली तक करीब 400 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
सराफा बाजार में सबसे अधिक रौनक रही। सोने-चांदी के आभूषणों और सिक्कों की खरीदारी से करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री से 40 करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना है। बर्तन बाजार में पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की खूब बिक्री हुई। यहां करीब पांच करोड़ रुपये का कारोबार आंका गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और मोबाइल की मांग रही। इस क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। मिठाई, पेड़ा और मेवा बाजार में भी करीब 10 करोड़ रुपये की बिक्री की उम्मीद है। फूलों के कारोबार में दो करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा कपड़े, फर्नीचर, जूते-चप्पल, झालर, लाइट और उपहारों की दुकानों पर भी खूब खरीदारी हुई।
नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर सभी प्रमुख बाजारों में अच्छी बिक्री हुई है। दिवाली तक खरीदारी जारी रहने से कारोबार 400 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।