Crime- करनाल: वीवीआईपी ड्यूटी पर पुलिस को पिस्टल दिखाकर डराया, तलाशी में लाइटर निकला; तीन युवकों पर केस दर्ज -#INA

घोघड़ीपुर-मुनक रोड पर दाहा-बजीदा मोड़ के पास वीवीआईपी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बाइक सवार तीन युवकों ने पिस्टल दिखाकर डराने का प्रयास किया। आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने पुलिसकर्मियों की ओर पिस्टल तानकर दो-तीन राउंड फायर करने जैसी हरकत की। ठांय-ठांय की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। इसके बाद तीनों युवक बाइक से मुनक की तरफ भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक युवक की जेब से पिस्टलनुमा लाइटर बरामद हुआ।
घटना 5 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे की है। एएसआई अमरजीत सिंह ने शिकायत में बताया कि वह पुलिस टीम के साथ दाहा-बजीदा मोड़ पर वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान करनाल की तरफ से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने हाथ में पकड़ी पिस्टल पुलिसकर्मियों की ओर तानकर फायर करने जैसी हरकत की। इसके बाद तीनों मुनक की ओर भाग गए।
शिकायत के अनुसार, दो सिपाहियों ने बाइक से युवकों का पीछा किया और . नाके पर उन्हें रोक लिया। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम केशव, बीच में बैठे युवक ने प्रशांत और पीछे बैठे युवक ने दीपांशु बताया। तीनों गांव बीजणा, थाना सदर करनाल के निवासी हैं। तलाशी के दौरान दीपांशु की जींस की दाहिनी जेब से पिस्टलनुमा लाइटर मिला।
सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस
पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने बताया कि पुलिस ने युवकों के खिलाफ पुलिसकर्मियों को भयभीत करने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया है। थाना मधुबन में बीएनएस की धारा 221 और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एसआई लछमन सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।