UP News: लखनऊ: ₹4,000 का भरवाया पेट्रोल, पैसे मांगने पर कार से घसीटा, 500 मीटर तक गाड़ी की खिड़की से लटका रहा सेल्समैन – INA

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल पंप पर दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां करीब 4,000 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद जब पेट्रोल पंप कर्मचारी ने कार सवार से पैसे मांगे तो उसने भुगतान करने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी. कर्मचारी कार की खिड़की पर लटक गया और आरोपी उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. कुछ दूरी पर आरोपी ने कर्मचारी को सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गया. इस पूरी घटना का खौफनाक वीडियो पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.

जानकारी के मुताबिक, कार सवार पेट्रोल पंप पर पहुंचा और अपनी गाड़ी में करीब 4,000 रुपये का पेट्रोल भरवाया. पेट्रोल भरने के बाद जब कर्मचारी ने उससे भुगतान करने को कहा तो कार सवार ने पैसे देने से बचने की कोशिश की. कर्मचारी ने बकाया रकम मांगी तो आरोपी ने अचानक कार आगे बढ़ा दी. मामला गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर रोड स्थित ग्राम रहमत नगर के जीएस फिलिंग स्टेशन का है.

रविवार तड़के करीब 4:19 बजे एक काले रंग की कार पेट्रोल पंप के नोजल नंबर-5 पर पहुंची. कार सवार ने 4000 रुपये का पेट्रोल भरवाया. इसके बाद जब कर्मचारी सत्यनाम भुगतान लेने पहुंचा, तो कार में बैठे व्यक्ति ने उसे पेमेंट का भरोसा देकर उलझा लिया.

कार की खिड़की में लटका रहा कर्मचारी

इस बीच सत्यनाम स्वाइप मशीन लेकर ड्राइवर की खिड़की के पास पहुंचा. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, सुबह 4 बजकर 21 मिनट में जैसे ही उसने भुगतान के लिए हाथ आगे बढ़ाया, चालक ने अचानक कार दौड़ा दी. अचानक हुई इस हरकत से कर्मचारी संभल नहीं पाया और कार की खिड़की से लटक गया. आरोपियों की बेरहमी यहीं नहीं रुकी. कर्मचारी को लटका देख चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी. कार उसे पेट्रोल पंप से बाहर हाईवे तक करीब 500 मीटर घसीटती चली गई. इसके बाद आरोपियों ने चलती गाड़ी से उसे सड़क पर धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए.

खून से लथपथ मिला कर्मचारी

घटना के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद दूसरे कर्मचारी कार के पीछे दौड़े. कुछ दूरी पर सत्यनाम सड़क पर लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला. साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया. फिलहाल उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है. इस सनसनीखेज घटना के दो अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें काली कार और कर्मचारी को घसीटकर ले जाने की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है.

हाईवे के कैमरों से आरोपियों की तलाश

पेट्रोल पंप मैनेजर ने अज्ञात कार सवार के खिलाफ गोसाईंगंज थाने में लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है. फरार कार सवारों की पहचान के लिए हाईवे और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. 4000 रुपये के भुगतान से बचने के लिए कर्मचारी को इतनी दूर तक घसीटने की इस घटना ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

लखनऊ: ₹4,000 का भरवाया पेट्रोल, पैसे मांगने पर कार से घसीटा, 500 मीटर तक गाड़ी की खिड़की से लटका रहा सेल्समैन


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button