दिल्ली के 7 एमसीडी अस्पतालों में खुलेंगे डायलिसिस सेंटर:आयुष्मान कार्डधारकों को कैशलेस इलाज; निजी एजेंसी क्लस्टर मॉडल में सातों केंद्रों का संचालन करेगी- INA NEWS

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अपने सात अस्पतालों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर डायलिसिस सेंटर शुरू करने की योजना बना रहा है। यहां किडनी के मरीजों को निजी अस्पतालों के मुकाबले कम दरों पर इलाज मिलेगा। आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को योजना के प्रावधानों के अनुसार कैशलेस सुविधा भी मिलेगी। एमसीडी स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना में दिलशाद गार्डन का स्वामी दयानंद अस्पताल, तिमारपुर का बक राम अस्पताल, फतेहपुर बेरी का यूपीएचसी, तिलक नगर का माता गुजरी अस्पताल, कालकाजी का पूर्णिमा सेठी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, अजमेरी गेट के पास श्रीमती गिरधारी लाल मैटरनिटी अस्पताल और करावल नगर का वीर सावरकर आरोग्य संस्थान शामिल हैं। सत्या शर्मा ने बताया कि निजी अस्पतालों में डायलिसिस के एक सत्र का खर्च करीब 3,000 से 3,500 रुपए आता है। मरीजों को सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस कराना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। नए केंद्र शुरू होने से मरीजों को दूर नहीं जाना पड़ेगा और कम खर्च में नियमित इलाज मिल सकेगा। अनुबंध शुरुआती 10 साल के लिए होगा
एमसीडी स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा, प्रस्ताव के तहत एक निजी एजेंसी क्लस्टर मॉडल में सातों केंद्रों का संचालन करेगी। एजेंसी डायलिसिस मशीनें, तकनीकी स्टाफ और रखरखाव की व्यवस्था करेगी। एमसीडी प्रत्येक केंद्र के लिए एक रुपए मासिक लाइसेंस शुल्क पर जगह उपलब्ध कराएगी। पानी की आपूर्ति अस्पतालों की मौजूदा व्यवस्था से होगी, जबकि बिजली का खर्च एजेंसी उठाएगी। अनुबंध शुरुआती 10 साल के लिए होगा, जिसे संतोषजनक कामकाज और निर्धारित शर्तों के आधार पर पांच साल तक बढ़ाया जा सकेगा। पांचवें वर्ष में इसकी समीक्षा होगी। एजेंसी का चयन खुली ई-टेंडर प्रक्रिया से किया जाएगा। तकनीकी रूप से योग्य बोलीदाताओं में सबसे अधिक छूट देने वाली एजेंसी को अनुबंध देने का प्रस्ताव है। एमसीडी एजेंसी को कोई सीधा भुगतान या मरीजों की न्यूनतम संख्या की गारंटी नहीं देगी।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button