UP News: बलिया में 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत: पेड़ से टकराकर 5 बार पलटी कार, फिर 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी, एक साथ उठीं चारों अर्थियां – INA

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार (14 नवंबर) रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. नगरा थाना क्षेत्र के निछुआडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और फिर हवा में 5 बार पलटते हुए 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में कार सवार चारों जिगरी दोस्तों की मौत हो गई. चारों युवक एक ही गांव गौवापार के रहने वाले थे. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सीओ रसड़ा रजनीश यादव (कुमार) के मुताबिक, गौवापार गांव निवासी अभिषेक पटेल, कुणाल पासवान, गोलू ठाकुर और धनंजय पटेल शनिवार शाम घूमने के लिए नगरा बाजार गए थे. रात करीब 9:30 बजे चारों फॉक्सवैगन वर्टूस कार से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार 100 किमी/घंटा से अधिक थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी और कार 5 बार पलटते हुए 20 मीटर दूर गड्ढे में गिर गई. आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों और पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़कर अंदर फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला. हादसा इतना भीषण था कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद चारों की जान नहीं बच सकी.

हादसे के बाद सभी को सीएचसी (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल गोलू और धनंजय को प्राथमिक उपचार के बाद मऊ जिले के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया.

जानें हादसे में जान गंवाने वाले चारों दोस्तों के बारे में

अभिषेक पटेल (इकलौता बेटा, 6 महीने पहले हुई थी शादी): अभिषेक उत्तराखंड स्थित IIM में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे और दीपावली से एक दिन पहले ही गांव आए थे. महज 6 महीने पहले ही उनकी शादी आकांक्षा सिंह से हुई थी. पिता प्रमोद पटेल किसान हैं और मां आशा सिंह पटेल रिटायर्ड शिक्षिका हैं. दो विवाहित बहनों नीतू और रितु के बीच वे माता-पिता के इकलौते बेटे थे.

ये भी पढ़ें: Noida Chhath Puja Traffic Diversion: नोएडा में दो दिन इन रास्तों पर जानें से बचें, छठ के चलते रूट डायवर्जन

कुणाल पासवान (खीर के लिए दूध लेने निकला था घर से): दो साल पहले आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद कुणाल प्रयागराज में रहकर रेलवे भर्ती की तैयारी कर रहा था और दीपावली से दो दिन पहले गांव आया था. पिता रविंद्र प्रसाद प्राइवेट ड्राइवर हैं और मां शीला देवी गृहिणी हैं. चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा कुणाल शाम 6 बजे मां को बताकर खीर बनाने के लिए दूध लेने निकला था.

धनंजय पटेल (प्राइवेट टीचर, शिक्षक भर्ती की कर रहा था तैयारी): तीन भाइयों (अजय और विनय) में सबसे छोटा धनंजय एक निजी स्कूल में पढ़ाने के साथ-साथ सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था. पिता रामप्रकाश खेती-किसानी करते हैं और मां हंसा देवी गृहिणी हैं.

गोलू ठाकुर (सेना और पुलिस भर्ती का देख रहा था सपना): किसान कमलेश ठाकुर और गृहिणी शारदा देवी के तीन बेटों में सबसे छोटा गोलू गांव में रहकर ही सेना और पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था.

बलिया में 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत: पेड़ से टकराकर 5 बार पलटी कार, फिर 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी, एक साथ उठीं चारों अर्थियां


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button