UP News: दिसंबर से UP में चुनाव प्रचार करेगी कांग्रेस, गठबंधन को लेकर सपा से बैठक कल – INA

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है. कांग्रेस की ओर से सपा को 181 संभावित सीटों की सूची सौंपे जाने के बाद अब पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को लेकर शीर्ष स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को यूपी चुनाव को लेकर अहम बैठक हुई, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुए.

इस बैठक में प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई. दूसरी तरफ, सपा की ओर से कांग्रेस को भेजी गई ग्राउंड रिपोर्ट और सीटों की मांग पर अखिलेश यादव के रुख का पार्टी सांसद राजीव राय ने समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जो कह रहे हैं, वह बिल्कुल सही है. सम्मान तभी बच सकता है, जब बीजेपी हारे और INDIA गठबंधन जीते.

खरगे के आवास पर यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई.बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे.

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई.. उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे… प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है… मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी.’

दिसंबर से चुनाव प्रचार

वहीं कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि इस बैठक में संगठन और चुनाव प्रचार को लेकर चर्चा हुई… हमारा प्रचार दिसंबर में शुरू होगा और गठबंधन को लेकर कल सपा के साथ बैठक होगी. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि हमारा चुनाव प्रचार दिसंबर के पहले या दूसरे वीक में शुरू होगा… आज सीट को लेकर की बात नहीं हुई… हमरा लक्ष्य केवल चुनाव जितना है.

कांग्रेस ने सपा को सौंपी है 181 संभावित सीटों की सूची

यूपी चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 181 सीटों का दावा रखा है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने इन सीटों की सूची सपा को सौंप दी है. पार्टी ने सहारनपुर से लेकर अमेठी-रायबरेली और लखनऊ-वाराणसी तक कई क्षेत्रों को अपनी प्राथमिकता में रखा है. कांग्रेस की ओर से संभावित सीटों को लेकर संगठनात्मक स्थिति, पुराने चुनावी प्रदर्शन और स्थानीय नेताओं की सक्रियता के आधार पर तैयारी की गई है. पार्टी चाहती है कि गठबंधन में उसे सम्मानजनक हिस्सेदारी मिले.

कांग्रेस की सूची में सहारनपुर की गंगोह, नकुड़, बेहट और सहारनपुर देहात; रायबरेली की बछरावां, सरेनी, ऊंचाहार, सलोन और सदर; अमेठी की तिलोई, गौरीगंज और जगदीशपुर जैसी सीटें शामिल हैं. इसके अलावा वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, बाराबंकी, महाराजगंज और कुशीनगर की सीटों पर भी कांग्रेस की नजर है.

सपा ने कांग्रेस को भेजी 2022 और 2024 के प्रदर्शन की ग्राउंड रिपोर्ट

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग के बीच समाजवादी पार्टी ने भी अपना पक्ष मजबूत करने के लिए कांग्रेस नेतृत्व को यूपी में उसके चुनावी प्रदर्शन की ग्राउंड रिपोर्ट भेजी है. इस रिपोर्ट में सपा ने 2022 विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव के आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस की स्थिति का विश्लेषण किया है.

सपा ने रिपोर्ट में बताया है कि 2022 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सिर्फ 21.51 लाख वोट मिले थे. यह कुल वोटों का 2.33 फीसदी था. पार्टी के मुताबिक, कांग्रेस के 387 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी और सिर्फ 12 सीटों पर ही प्रत्याशी अपनी जमानत बचा पाए थे.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस 73 सीटों पर ही पांच हजार से अधिक वोट हासिल कर सकी थी और सिर्फ चार सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी. इनमें भी जगदीशपुर सीट पर ही पार्टी ने कांटे की टक्कर दी थी. 2022 के चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी. रामपुर खास से आराधना मिश्रा मोना और महाराजगंज की फरेंदा सीट से वीरेंद्र चौधरी विधायक चुने गए थे.

2024 में कांग्रेस को मिली जीत में सपा ने अपने वोट बैंक की भूमिका बताई

सपा ने अपनी रिपोर्ट में 2024 लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन का भी हवाला दिया है. कांग्रेस ने यूपी में 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं. सपा ने इन 17 लोकसभा क्षेत्रों के तहत आने वाली 85 विधानसभा सीटों का विश्लेषण करते हुए दावा किया है कि कांग्रेस सिर्फ 39 विधानसभा सीटों पर बढ़त बना सकी थी.

सपा का कहना है कि इन 39 सीटों में भी 12 से अधिक सीटें ऐसी थीं, जहां समाजवादी पार्टी का कब्जा था. पार्टी के मुताबिक, इन क्षेत्रों में कांग्रेस को मिली बढ़त के पीछे सपा का अपना वोट बैंक था. सपा ने अपनी तुलना कांग्रेस से करते हुए बताया है कि 2024 लोकसभा चुनाव में उसने 62 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें ही जीत सकी. सपा का तर्क है कि उसका स्ट्राइक रेट कांग्रेस से बेहतर रहा है.

सपा ने सीटों के साथ उम्मीदवारों का बायोडाटा भी मांगा

समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से सिर्फ सीटों की सूची नहीं, बल्कि उन सीटों पर प्रस्तावित उम्मीदवारों के नाम और उनका राजनीतिक बायोडाटा भी मांगा है. सपा चाहती है कि सीटों पर दावे के साथ यह भी बताया जाए कि संबंधित उम्मीदवार की अपने क्षेत्र में राजनीतिक स्थिति क्या है और उसकी जीत की कितनी संभावना है. सपा ने कांग्रेस को जमीनी हकीकत स्वीकार करने, सीटों को लेकर जिद छोड़ने और व्यावहारिक गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की सलाह दी है. पार्टी ने कांग्रेस से बीजेपी को हराने के लिए सपा का साथ देने और अखिलेश यादव का हाथ मजबूत करने की अपील की है.

राजीव राय बोले- राष्ट्रीय अध्यक्ष बिल्कुल सही कह रहे

सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी प्रतिक्रिया दी है. दिल्ली में उन्होंने कहा, ‘जो राष्ट्रीय अध्यक्ष कह रहे हैं, वह सही है, बिल्कुल सही है. उन्होंने जो संख्या बताई है, वह भी सही है.’ राजीव राय ने आगे कहा कि सम्मान तभी बच सकता है, जब बीजेपी हारे और INDIA गठबंधन जीते.

17 नवंबर से सीट बंटवारे पर बातचीत, दोनों दलों की प्रतिष्ठा दांव पर

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर 17 नवंबर से बातचीत शुरू होने की तैयारी है. एक तरफ कांग्रेस 181 सीटों की सूची के साथ सम्मानजनक हिस्सेदारी की मांग कर रही है, तो दूसरी तरफ सपा चुनावी प्रदर्शन और उम्मीदवारों की जीत की संभावना को सीट बंटवारे का आधार बनाने पर जोर दे रही है.

दिसंबर से UP में चुनाव प्रचार करेगी कांग्रेस, गठबंधन को लेकर सपा से बैठक कल


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button