खबर शहर , Agra News: सफाईकर्मियों का हंगामा, नौकरी नहीं जाने का मिला आश्वासन – INA

आगरा। सफाई कार्य के लिए नगर निगम की नई टेंडर प्रक्रिया के विरोध में सोमवार को सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन किया। हालांकि, शाम को महापौर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त संतोष कुमार के साथ सफाई कर्मचारी नेताओं की वार्ता में सहमति बन गई। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नई कंपनी आने पर भी किसी कर्मचारी को नहीं हटाया जाएगा।

नगर निगम में सोमवार को टेंडर डालने का अंतिम दिन था। शाम 4 बजे तक दो कंपनियों ने टेंडर डाले। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष विनोद इलाहाबादी ने बताया कि किसी भी टेंडर के लिए कम से कम तीन कंपनियां होना जरूरी है। दो कंपनियां आई हैं। इस तरह यह टेंडर मान्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने बैठक में विश्वास दिलाया है कि किसी भी सफाईकर्मी का अहित नहीं होगा। यदि सफाईकर्मियों पर आंच आई तो 4000 सफाईकर्मी हड़ताल करेंगे।

वाल्मीकि महापंचायत के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने बताया कि सहायक नगर आयुक्त के अनुसार, वर्तमान सफाई कार्य करने वाली संस्था अग्रवाल एंड कंपनी का अनुबंध समाप्त हो चुका है। ईएसआई व ईपीएफ जमा न करने की शिकायतों और पार्षदों के असंतोष के चलते नया टेंडर निकाला था, लेकिन अब पुरानी व्यवस्था ही जारी रहेगी। सफाईकर्मियों के प्रदर्शन में सुंदर बाबू चंचल, सोनू चौहान, सिकंदर सिंह, संतोष डागौर, अनिल राजौरिया, राजकुमार विद्यार्थी, रंजीत नरवार, राजेश चौहान, देवू विराट, बंटू भारती आदि शामिल रहे।

नियम व शर्तें सार्वजनिक करने की मांग

उधर, निगम स्थित पार्षद कक्ष में सोमवार को बसपा पार्षद दल की बैठक हुई। नेता सदन कप्तान सिंह ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे, जिससे दाल में कुछ काला नजर आ रहा है। उन्होंने महापौर व नगर आयुक्त से निजी कंपनी के लिए नियम व शर्तें सार्वजनिक करने की मांग की, अन्यथा आगामी सदन में विरोध और आंदोलन की चेतावनी दी गई। बैठक में बसपा पार्षद सुहेल कुरैशी, बेरी माहौर, गंगाराम माहुर, मुनीलक्ष्मी, राधेलाल, रेखा भास्कर, निधि पटेल, मो. आसिफ आदि पार्षद मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button