UP News: दूल्हा बनकर नहीं, तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा बेटा… शादी से पहले देश पर कुर्बान हुआ अलीगढ़ का ‘लाल’ – INA

Aligarh Army Soldier Karan Chaudhary Death: अलीगढ़ के थाना छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा में जिस घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं और दूल्हे के सेहरे का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा है. छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी सेना के जवान करन चौधरी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में 22 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे. 22 वर्षीय करन की मौत की खबर ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं. सोमवार तड़के करीब चार बजे बटालियन के सीओ का फोन आया सूचना मिली कि करन को सिर में गोली लगी है और उनकी मौत हो गई है.
इसके बाद चंद मिनटों में परिवार की दुनिया उजड़ गई. जिस घर में शादी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा था, वहां चीख-पुकार मच गई. सबसे दर्दनाक बात यह है कि करन को मंगलवार को घर लौटना था. उन्होंने छुट्टी ले ली थी. श्रीनगर से दिल्ली और फिर दिल्ली से ट्रेन के जरिए अपने गांव सिरसा पहुंचने की तैयारी थी परिवार को इंतजार था कि बेटा आएगा, घर में रौनक लौटेगी और शादी की रस्में शुरू होंगी, लेकिन अब उसी दिन घर में बेटे का पार्थिव शरीर पहुंचेगा.
पिता का दर्द शब्दों में बयां नहीं हो रहा
पिता पप्पू सिंह का दर्द शब्दों में बयां नहीं हो रहा. उन्होंने भर्राई आवाज में कहा दिन और तारीख तो वही है. मंगलवार को ही मेरा बेटा घर आएगा, लेकिन दूल्हा बनकर नहीं, उसका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर आएगा. करन की जिंदगी में भी खुशियों के नए अध्याय की शुरुआत होने वाली थी. अप्रैल महीने में वीडियो कॉल के जरिए परिवार ने उनको कल्पना को दिखाया था. करन ने कल्पना को पसंद किया और दोनों परिवारों ने शादी तय कर दी. 20 नवंबर को लग्न की रस्म होनी थी. 22 नवंबर को सगाई और 24 नवंबर को अतरौली के छर्रा रोड स्थित एक लॉज में शादी का कार्यक्रम तय था.
कार्ड छप चुके थे और अधिकांश रिश्तेदारों तक पहुंच भी चुके थे. कपड़े, गहने, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर तक की खरीदारी हो चुकी थी. लॉज और हलवाई को एडवांस भी दिया जा चुका था, लेकिन शादी से महज कुछ दिन पहले आई एक खबर ने सारे अरमान तोड़ दिए. करन की मंगेतर कल्पना के परिवार के मुताबिक, शनिवार शाम करीब सात बजे करन ने फोन किया था. उन्होंने कल्पना की मां से परिवार का हालचाल पूछा और शादी की तैयारियों के बारे में जानकारी ली.
ससुराल में आखिरी बातचीत
इसके बाद कुछ देर कल्पना से बात करते हुए करन ने कहा था कि उनकी ड्यूटी शुरू होने वाली है और मोबाइल जमा हो जाएगा. सुबह आठ बजे मोबाइल मिलने पर वो फिर बात करेंगे. उन्होंने बताया था कि छुट्टी मिल गई है और सामान भी पैक कर लिया है. वो मंगलवार को घर पहुंच जाएंगे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह बातचीत उसकी जिंदगी की आखिरी बातचीत बन जाएगी.
करन ने नोएडा में नौकरी करने वाले अपने बुआ के बेटे मनवीर को भी शनिवार दोपहर फोन किया था. उन्होंने उससे कहा था कि मंगलवार को दिल्ली आ जाऊंगा. तुम भी छुट्टी लेकर दिल्ली आ जाना. पहले दोनों साथ में शॉपिंग करेंगे और फिर घर चलेंगे. करन को क्या पता था कि जिस शॉपिंग और घर लौटने के सपने वह संजो रहे हैं, वे अधूरे रह जाएंगे. करन अपने परिवार में सबसे छोटे थे. बड़े भाई संजय चौधरी भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं. बहन मंजू की शादी हो चुकी है.
2020 में करन सेना में भर्ती हुए थे
मां जयबाला और पिता पप्पू सिंह को अपने दोनों बेटों पर गर्व था. वर्ष 2020 में करन सेना में भर्ती हुए थे. रांची में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली तैनाती लेह ग्लेशियर में हुई और इसके बाद जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लोहलाम स्थित बेस पॉइंट पर तैनाती मिली. यह उनकी दूसरी पोस्टिंग थी. करन की मौत की खबर सुनकर बड़े भाई भी घर के लिए रवाना हो चुके हैं. मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है. चाचा जितेंद्र चौधरी की आंखों में भी आंसू हैं.
जितेंद्र चौधरी बताते हैं कि शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं कार्ड बंट गए थे. कपड़े और सामान आ चुका था परिवार शादी की खुशियों में डूबा था, लेकिन अब सब कुछ बदल गया. करन की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. पिता पप्पू सिंह के मुताबिक, बटालियन के सीओ ने फोन पर बताया कि करन के सिर में गोली लगी है, जिससे उनकी मौत हो गई.
गोली किन परिस्थितियों में लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं
हालांकि गोली किन परिस्थितियों में लगी और घटना कैसे हुई, इस बारे में परिवार को स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. पिता का कहना है कि उनका बेटा ड्यूटी के दौरान शहीद हुआ है. परिवार अब यह जानना चाहता है कि आखिर गोली कैसे लगी और किन परिस्थितियों में करन की जान गई. चाचा जितेंद्र सिंह के मुताबिक, 14 नवंबर को करन ने उनसे फोन पर बात की थी. करन ने कहा था कि जो सामान रह गया है, उसे दिल्ली की आर्मी कैंटीन से खरीद लेंगे.
करन ने चाचा को भी दिल्ली आने के लिए कहा था. पिता से भी कहा था कि शादी के कार्ड अब मैं आकर बंटवा दूंगा. आप चिंता मत करना, जो काम रह गए हैं, घर आकर पूरे कर दूंगा, लेकिन अब पिता के सामने बेटे के अधूरे वादे और उसकी यादें ही रह गई हैं. जिस बेटे के सिर पर पिता सेहरा सजते देखना चाहते थे, अब उसी बेटे को अंतिम विदाई देनी पड़ेगी. जिस आंगन में बारात के स्वागत की तैयारी थी, वहां अब अंतिम संस्कार की तैयारी होगी।.
24 नवंबर की शादी की तारीख कैलेंडर पर आज भी वहीं है, लेकिन इस परिवार की जिंदगी से खुशियों का पूरा अध्याय मिट चुका है. करन की कहानी सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि उन अधूरे सपनों की कहानी है, जो देश की सेवा में तैनात एक जवान अपने घर लौटने से पहले संजोकर बैठा था.
ये भी पढ़ें: 1.27 करोड़ हिंदू वोटरो के नाम कटने के CM योगी के दावे पर बोले CEO- हमारे पास ऐसा कोई डेटा नहीं
दूल्हा बनकर नहीं, तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा बेटा… शादी से पहले देश पर कुर्बान हुआ अलीगढ़ का ‘लाल’
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,