Tach – चीन की तरह भारत में भी बनेगा मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम? Rising Bharat Summit में हुई बड़ी चर्चा

News18 के राइजिंग भारत समिट -नॉर्थ एडिशन में मंगलवार को इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल इंडस्ट्री के बड़े नेता एक साथ आए. पैनल का विषय था- ‘बियॉन्ड असेंबली: बिल्डिंग इंडियाज इलेक्ट्रॉनिक्स एक्सपोर्ट इंजन’. यानी सिर्फ असेंबली करने से आगे बढ़कर भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स का बड़ा निर्यातक कैसे बनाया जाए.

पैनल में माइक्रोमैक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और को-फाउंडर राजेश अग्रवाल, वनप्लस और ओप्पो के आरएंडडी हेड तसलीम आरिफ, एआई+ स्मार्टफोन के फाउंडर और सीईओ माधव शेठ तथा इंडियन सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (ICEA) के चेयरमैन पंकज मोहिंदरू शामिल हुए.

माइक्रोमैक्स फिर लॉन्च होगा

राजेश अग्रवाल ने साफ कहा कि माइक्रोमैक्स ब्रांड को दोबारा लॉन्च करने की उनकी इच्छा है. उन्होंने बताया कि भारतीय ब्रांड्स इसलिए पिछड़ गए क्योंकि चीन में मोबाइल बनाने का पूरा इकोसिस्टम तैयार हो गया था. भारत में वैसा मजबूत इकोसिस्टम नहीं बन पाया. अब मौका अनुकूल है और माइक्रोमैक्स फिर से बाजार में वापसी करना चाहता है.

एक्सपोर्ट का बड़ा लक्ष्य

ICEA चेयरमैन पंकज मोहिंदरू ने खुशखबरी दी कि इस साल भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स एक्सपोर्ट 6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकते हैं. लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी कि सिर्फ फोन असेंबल करने से काम नहीं चलेगा. इलेक्ट्रॉनिक्स के पार्ट्स और सेमीकंडक्टर का घरेलू उत्पादन कई गुना बढ़ाना होगा. तभी विकास टिकाऊ रहेगा.

उन्होंने एक और महत्वपूर्ण बात कही. AI की वजह से हैंडसेट इंडस्ट्री अस्थिर हो गई है. मेमोरी के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है.

IP बनाने पर जोर

ओप्पो इंडिया के आरएंडडी हेड तसलीम आरिफ ने कहा कि भारत की असली ताकत सिर्फ बड़ा बाजार नहीं, बल्कि टैलेंट पूल है. अब सिर्फ प्रोडक्ट बेचने (गो-टू-मार्केट) पर ध्यान देने के बजाय अपनी बौद्धिक संपदा यानी IP बनाने पर फोकस करना होगा. इससे कंपनियों का मुनाफा बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि इकोसिस्टम बनाने में भारत को अभी लंबा सफर तय करना है.

पड़ोसियों से बेहतर मौका

एआई+ के सीईओ माधव शेठ ने बताया कि पड़ोसी देशों की तुलना में भारत के पास एक्सपोर्ट बढ़ाने का काफी बेहतर मौका है.

IP बनाने में जागरूकता कम

सेमीकंडक्टर क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भी बात रखी. संपिगे सेमीकंडक्टर्स के को-फाउंडर पराग नाइक ने कहा कि भारत में IP बनाने की प्रक्रिया अभी आम लोगों और कई कंपनियों को ठीक से समझ में नहीं आई है. तकनीक और IP बनाना समय लेने वाला काम है. अननंत सिस्टम्स के अमिया पाठक ने कहा कि सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में हर जगह मौके मौजूद हैं.

यानी कि ये कहना गलत नहीं होगा कि समिट में साफ संदेश दिया गया कि भारत अब सिर्फ असेंबली हब नहीं रहना चाहता. अपनी तकनीक, अपने पार्ट्स और अपनी IP बनाकर दुनिया को इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात करने का सपना अब साकार करने की दिशा में उद्योग आगे बढ़ना चाहता है. माइक्रोमैक्स जैसी पुरानी भारतीय कंपनियों की वापसी और नए खिलाड़ियों का जोर इस दिशा में उम्मीद जगाता है.


Source link

Back to top button