खबर शहर , आगरा न्यूज: रेलवे स्टेशन के पास मिली मजदूर की लाश, हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप; जांच में जुटी पुलिस – INA

आगरा के थाना अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा सांधन के पास मंगलवार सुबह रेलवे स्टेशन के किनारे 40 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। 

मूल रूप से थाना किरावली क्षेत्र के गांव कोरई निवासी जसवंत (40) पुत्र कमल सिंह पिछले करीब दो वर्षों से अछनेरा के गांव नरीपुरा में अपनी बुआ के घर रह रहे थे। वह प्रतिदिन खेड़ा सांधन रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर मथुरा जाते थे और वहां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम जसवंत से फोन पर बात हुई थी, तब उन्होंने घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे और रात करीब 10 बजे के बाद उनका मोबाइल भी बंद हो गया। 

अनहोनी की आशंका में परिजनों ने रात में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह दूधियों ने रेलवे ट्रैक के पास शव पड़ा देख ग्रामीणों को सूचना दी। पीआरवी 112 की सूचना पर थाना अछनेरा पुलिस व जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। शिनाख्त होने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे सुमित ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पूर्व बबरौद गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में पिता की हत्या की गई है।

हर पहलू पर पुलिस की जांच

पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मोबाइल फोन और नकदी सुरक्षित मिली है। ऐसे में पुलिस लूटपाट की आशंका को खारिज करते हुए रंजिश और अन्य पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों और पीआरवी के माध्यम से शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। 


Credit By Amar Ujala

Back to top button