Tach – Instagram New Changes: इंस्टाग्राम पर आपको मिलेगा सुकून, सरकार के गर्दन पकड़ते ही झुकी मेटा, भारत में बदला एल्गोरिदम

इंस्टाग्राम पर अब आपको काफी सुकून मिलेगा. क्योंकि सरकार के गर्दन पकड़ते ही इंस्टाग्राम-फेसबुक चलाने वाली कंपनी मेटा ने अपना एल्गोरिदम बदल दिया है. अब आपको हिंसक और सेक्सुअली तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर नजर नहीं आएंगी. सरकार ने पिछले महीने मेटा को साफ साफ समझा दिया था कि अगर आपको यहां कारोबार करना है तो आपको इन सबसे दूरी बनानी होगी. नतीजा मेटा ने मंगलवार को कहा कि उसने भारत के लिए इंस्टाग्राम के सुझाव सिस्टम में बदलाव किया है ताकि कम कामुक और हिंसक सामग्री दिखाई दे.
मेटा ने कहा, सरकार ऑनलाइन सामग्री पर नजर कड़ी कर रही है.इसलिए हमें यह फैसला लेना पड़ा है. पिछले महीने सरकार ने मेटा से कहा था कि वह इस बात की समीक्षा करे कि इंस्टाग्राम पर किसी यूजर को पोस्ट कैसे दिखती है. कोई ऐसा सिस्टम बनाए, जिससे ऐसी तस्वीरें या वीडियो ना दिखें, जिनसे हिंसा भड़क सकती हो या सार्वजनिक शांति भंग हो सकती हो. सरकार की चिंता सिर्फ हिंसक और आपत्तिजनक सामग्री तक सीमित नहीं थी. मंत्रालय चाहता था कि सोशल मीडिया कंपनियां यूजर्स को किसी एक तरह के विचार या सीमित नजरिये वाली सामग्री के दायरे में भी न रखें.
क्या बदल जाएगा इंस्टाग्राम पर?
इंस्टाग्राम पर जब आप किसी अकाउंट को फॉलो करते हैं, तो उसकी पोस्ट और रील्स आपकी फीड में आ सकती हैं. इसके अलावा प्लेटफॉर्म आपको ऐसे अकाउंट्स की सामग्री भी दिखाता है, जिन्हें आपने फॉलो नहीं किया है. यह सुझाव सिस्टम ही तय करता है कि आपकी रुचि के हिसाब से कौन-सी रील या पोस्ट आपको दिखाई जाए. इसमें आपकी देखने की आदतों और पसंद का भी ध्यान रखा जाता है.
मेटा ने भारत में इसी सुझाव सिस्टम में बदलाव किया है. कंपनी के मुताबिक, अब यूजर्स को अनजान अकाउंट्स की ऐसी सामग्री कम दिखाई जाएगी, जिसमें कामुकता या हिंसा का स्तर ज्यादा हो. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ऐसी सभी सामग्री इंस्टाग्राम से हटा दी जाएगी. मेटा ने साफ किया है कि ये बदलाव कंटेंट को पूरी तरह प्रतिबंधित करने के बजाय उसे बढ़ावा देने और यूजर्स तक पहुंचाने के तरीके से जुड़े हैं. यानी कोई पोस्ट प्लेटफॉर्म पर मौजूद रह सकती है, लेकिन जरूरी नहीं कि इंस्टाग्राम उसे पहले की तरह ज्यादा लोगों को सुझाए.
यूजर्स ने अब कम शिकायतें कीं
मेटा का कहना है कि उसने पिछले एक साल में यूजर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर अपने डिफॉल्ट सेफ्टी सिस्टम में सुधार किया है. कंपनी के मुताबिक, भारत में अब लोग एक साल पहले की तुलना में सुझाई गई सामग्री की शिकायत करीब आधी बार करते हैं. हालांकि, मेटा ने इसके समर्थन में कोई विस्तृत आंकड़ा या शिकायतों की वास्तविक संख्या नहीं बताई है. इससे कंपनी यह संकेत देना चाहती है कि उसके सुझाव सिस्टम में किए गए बदलावों से यूजर्स को पहले के मुकाबले बेहतर अनुभव मिल रहा है.
दूसरे देशों में भी बदल चुका है मेटा का सिस्टम
यह पहली बार नहीं है, जब मेटा ने किसी देश में अपनी सामग्री दिखाने के तरीके में बदलाव किया है. कंपनी इससे पहले कनाडा और ब्राजील जैसे देशों में भी फेसबुक पर राजनीतिक सामग्री की रैंकिंग में बदलाव कर चुकी है. हालांकि, भारत में किए गए ताजा बदलावों को मेटा ने सीधे तौर पर सरकार की सलाह से जुड़ा कदम नहीं बताया है. कंपनी का कहना है कि उसने यूजर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर पिछले एक साल में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर की है.
सोशल मीडिया कंपनियों पर बढ़ रही सरकार की नजर
भारत में करोड़ों लोग इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में इन प्लेटफॉर्म पर दिखाई जाने वाली सामग्री का असर भी बड़ा है. कोई वीडियो कुछ ही घंटों में लाखों लोगों तक पहुंच सकता है. यही वजह है कि सरकार अब सिर्फ इस बात पर ध्यान नहीं दे रही कि सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट किया जा रहा है. यह भी देखा जा रहा है कि प्लेटफॉर्म किस सामग्री को ज्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं. इंस्टाग्राम के सुझाव सिस्टम में हुआ बदलाव इसी बड़ी बहस का हिस्सा है. यूजर्स के लिए इसका सीधा मतलब यह है कि उनकी फीड में अब कुछ तरह की हिंसक और कामुक सामग्री पहले के मुकाबले कम दिखाई दे सकती है. हालांकि, इसका पूरा असर आने वाले समय में ही पता चलेगा.
Source link