UP News: श्रीकृष्ण जन्मभूमि से UCC तक… यूपी चुनाव के लिए बीजेपी का बड़ा प्लान तैयार, मथुरा में बना चुनावी रोडमैप – INA

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. पार्टी के ‘मथुरा मंथन’ के आखिरी दिन काफी राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली. दो दिनों तक चले इस मंथन में, पार्टी ने जीत की एक रणनीति तैयार की है. इसमें कुछ ऐसे अहम मुद्दे शामिल हैं जिन्हें जनता के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा. ये मुद्दे विपक्ष द्वारा बनाए गए नैरेटिव का जवाब देने का काम भी करेंगे. सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर, यहां वे पांच प्रमुख मुद्दे दिए गए हैं, जिनके दम पर बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है.

इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर, UCC यानी समान नागरिक संहिता, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत शामिल हैं जिन पर बैठक में चर्चा हुई. माना जा रहा है कि अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक की काट के लिए बीजेपी हिंदुत्व, राष्ट्रवाद, सुरक्षा और विकास पर जोर देने जा रही है.

मंगलवार की बैठक में प्रदेश और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल हुए. योजना बैठक में पार्टी ने चुनावी तैयारियों, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर मंथन किया.

एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश

सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बैठक में साफ कहा कि मंत्री, विधायक और सांसद जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं की गलतियां माफ नहीं की जाएंगी. पार्टी चुनाव में पूरी तैयारी और स्पष्ट रणनीति के साथ उतरे. सभी नेता मिलकर जीत की योजना तैयार करें. नितिन नबीन ने नेताओं को मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश भी दिया. वहीं बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के कामकाज और उपलब्धियों का ब्यौरा पेश किया.

नाराजगी और उदासीनता दूर करने पर चर्चा

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को इन उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाना चाहिए. साथ ही समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान प्रदेश की स्थिति और उस दौर की चुनौतियों की याद भी जनता को दिलाना चाहिए. इसके अलावा बैठक में कार्यकर्ताओं की नाराजगी और उदासीनता दूर करने को लेकर भी चर्चा हुई. तय हुआ कि कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करना हैं क्योंकि कार्यकर्ता सर्वोपरि है. और उसी के दम पर तीसरी बार यूपी में बीजेपी की सरकार बनेगी.

राधे राधे, कमल खिला दे

मथुरा की इस बैठक से बीजेपी ने साफ कर दिया है कि यूपी चुनाव में कार्यकर्ताओं की ताकत, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां, संगठन की मजबूती और बूथ मैनेजमेंट जैसे मुद्दे पार्टी की रणनीति के केंद्र में रहेंगे. मीटिंग के समापन पर यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा…राधे राधे, कमल खिला दे. इसके बाद श्रीकृष्ण की भूमि पर सबने राधे राधे कमल खिला दे का उद्घोष किया.

पंकज चौधरी ने कहा कि सपा कांग्रेस या किसी की सरकार नही बनने बनेगी, बीजेपी की फिर सरकार बनने वाली है. मोदी योगी सरकार के कामों पर हम जनता के बीच जाएंगें और जनता हमें तीसरी बार सेवा का मौका देगी. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जन जन तक जायेंगे, बूथ तक जाएंगे. तीसरी बार सरकार बनाएंगे. डिप्टी केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि
हमारा कार्यकर्ता उत्साह के साथ विश्वास के साथ लगा है और वो समाजवादी पार्टी को सैफई भेजने जा रहा है. और सपा के मुंगेरी के सपने चूर चूर करने जा रहा है. यूपी में कमल खिलने जा रहा है.

बीजेपी के चुनावी एजेंडे में ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि’

बीजेपी के चुनावी एजेंडे में अब ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि’ है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार बनने पर 6 महीने में निर्माण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. ऐसे में ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि’ पर यूपी में सियासी महाभारत छिड़ने के आसार हैं. दो दिन से सबसे ज्यादा चर्चा बीजेपी के चुनावी एजेंडे में शामिल श्रीकृष्ण जन्मभूमि की है. पार्टी इसे राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी में है.

मथुरा के चिंतन शिविर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा प्रमुखता से चर्चा में रहा. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में इस मुद्दे को मुखरता से उठाने और चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने पर जोर दिया गया. इस दिशा में आगे की रणनीति और कानूनी विकल्पों पर भी विचार हुआ.

सरकार बनने पर मंदिर निर्माण होगा शुरू

सूत्र बता रहे हैं कि तीसरी बार सरकार बनने पर छह महीने में मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य है. श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे को लेकर राजनीतिक और कानूनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी. इसके लिए मध्य प्रदेश की भोजशाला की तर्ज पर कानूनी और प्रशासनिक विकल्पों पर विचार करने की बात भी सामने आई है. अदालतों में चल रहे मामलों से लेकर अन्य कानूनी रास्तों समेत सभी विकल्पों पर मंथन किया जाएगा.

राष्ट्रवाद को भी बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी

मथुरा की बैठक से निकला संदेश साफ है बीजेपी 2027 के चुनाव में विकास और कानून-व्यवस्था के साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को भी बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी कहा कि जब पार्टी का संकल्प पत्र तैयार होगा, तब इस मुद्दे पर विस्तार से बात की जाएगी. बीजेपी का मानना है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि के जरिए समाजवादी पार्टी के कोर वोटर यानी यादव समुदाय में बड़ा मैसेज जाएगा. साथ ही पश्चिमी यूपी में बड़ा असर हो सकता है. इस बेल्ट में विधानसभा की 76 सीटें आती हैं.

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर सियासी महाभारत भी जारी

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव कृष्ण भक्त हैं तो कारसेवक के रूप में मथुरा आने की तैयारी करें, शायद उनकी साइकिल डूबने से बच जाए. कल मैने कहा था अयोध्या हुई हमारी है अब मथुरा की बारी है. इस पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य को न कोई भजन पता है और न ही कोई पूजा पाठ करनी है वो फर्जी आदमी हैं. उन्हीं के ऊपर पूजा के नाम पर फर्जी पर्ची कटवाने का आरोप लगा था तो आप सोचिए वो क्या करेंगे. उनकी कहीं भी चल नहीं रही है.

(टीवी9 भारतवर्ष ब्यूरो रिपोर्ट)

श्रीकृष्ण जन्मभूमि से UCC तक… यूपी चुनाव के लिए बीजेपी का बड़ा प्लान तैयार, मथुरा में बना चुनावी रोडमैप


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button