लोधी गार्डन समेत तीन पार्कों में खुलेंगे 5 प्रकृति कैफे:244 इमारतों पर लगेंगे सोलर पैनल; एनडीएमसी परिषद की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी- INA NEWS

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद क्षेत्र के तीन प्रमुख पार्कों में पांच ‘प्रकृति कैफे’ विकसित करने की तैयारी है। मंगलवार को दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा की अध्यक्षता में हुई परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव की संभावनाएं तलाशने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। इसके तहत लोधी गार्डन और नेहरू पार्क में दो-दो, जबकि ब्रिक्स गार्डन में एक कैफे बीओटी मॉडल पर विकसित करने की योजना है। बैठक में नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, सचिव राहुल सिंह और अन्य नामित सदस्य मौजूद रहे। परिषद ने एनडीएमसी की 244 इमारतों पर करीब 6,914 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाने को मंजूरी दी। इनमें 40 भवनों पर रेस्को और 204 पर कैपेक्स मॉडल से पैनल लगाए जाएंगे। इसके अलावा 124 अन्य भवनों पर 8.25 मेगावाट क्षमता के सोलर पैनल लगाने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। परियोजना के लिए सोलर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के साथ एमओयू किया गया है। करीब 54 करोड़ रुपए की इस परियोजना की अवधि 25 वर्ष होगी। नालों की सफाई पर 106 करोड़, सुरक्षा व्यवस्था पर 40 करोड़ परिषद ने जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई और गाद निकालने पर करीब 106 करोड़ रुपए खर्च करने की मंजूरी दी। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत, रखरखाव और एनडीएमसी की संपत्तियों व परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 40 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। बिजली विभाग में भर्ती नियमों को मंजूरी एनडीएमसी परिषद ने बिजली विभाग के विभिन्न तकनीकी पदों के भर्ती नियमों को भी मंजूरी दी। इनमें इलेक्ट्रिकल फिटर के 20, सीनियर इलेक्ट्रिकल फिटर के 15, इलेक्ट्रिक मैकेनिक के 33, सीनियर इलेक्ट्रिक मैकेनिक के 15 और केबल, इंसुलेशन व इंस्टॉलेशन टेस्टर के 24 पद शामिल हैं। इलेक्ट्रिशियन (ऑटो) पद के भर्ती नियमों को भी मंजूरी दी गई।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button