UP News: यूपी में समतामूलक समाज का नया अध्याय, जानें वीरांगनाओं की विरासत और सरकार की पहल – INA
यह एक कड़वा सत्य है कि जिन योद्धाओं के पास विरासत में केवल अदम्य साहस और अन्याय से टकराने की अटूट जिजीविषा थी, उनके हिस्से में लोकगीत, श्रुतियां और किंवदंतियां ही आई, इतिहास की किताबों में उनके पन्ने मुखर न हो सके. उत्तर प्रदेश की धरती ऐसी ही अनगिनत मूक गाथाओं को अपने सीने में समेटे हुए है. ऊदा देवी पासी, झलकारी बाई कोरी और रानी अवंतीबाई लोधी की शौर्य कथाएं उपेक्षा, संघर्ष और विस्मृति से निकालकर उन्हें सम्मान के सर्वोच्च शिखर तक ले जाने की एक ऐतिहासिक यात्रा की गवाह हैं. आज उत्तर प्रदेश जिस नई सामाजिक जागृति और सांस्कृतिक चेतना के दौर से गुजर रहा है, उसमें इन वीरांगनाओं का पुनर्स्थापन केवल अतीत को याद करना नहीं है, बल्कि भविष्य के एक समतामूलक समाज की नींव रखना है.
अतीत के झरोखे से देखें तो 16 नवंबर 1857 को लखनऊ के सिकंदरबाग का वह दृश्य रोंगटे खड़े कर देता है, जब ऊदा देवी एक पीपल के पेड़ पर चढ़कर, पुरुष वेश धारण कर, ब्रिटिश सैनिकों पर अचूक निशाने साध रही थीं. इतिहास के पन्नों में भले ही उनके द्वारा मारे गए सैनिकों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे हों, लेकिन यह निर्विवाद है कि एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली इस महिला ने अकेले अपने दम पर अंग्रेजी हुकूमत के कई दर्जन सैनिकों को मौत के घाट उतारा और अंततः मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया.
ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी
इसी तरह, झांसी के ऐतिहासिक किले में जब रानी लक्ष्मीबाई घिर गईं, तो झलकारी बाई ने अपनी जान की परवाह न करते हुए रानी का वेश धरा और अंग्रेजों को उस निर्णायक भ्रम में डाल दिया जिसने रानी को सुरक्षित निकलने का मार्ग प्रशस्त किया. वहीं, रानी अवंतीबाई लोधी ने अपने राज्य और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए सीधे अंग्रेजी सत्ता से लोहा लिया. इन तीनों नायिकाओं में एक समानता थी. उनके पास कोई विशाल साम्राज्य या विशाल संसाधन नहीं थे, लेकिन उनके पास अपने समय के सबसे क्रूर अन्याय के आगे शीश न झुकाने का संकल्प था. योगी सरकार इसीलिए उन्हें वंदनीय मानती है.
यह विडंबना है कि ऐसी वीरांगनाओं को दशकों तक मुख्यधारा की बौद्धिक स्मृति से बाहर रखा गया. इनका अदम्य शौर्य गांव-देहात की चौपालों और लोकगीतों में तो धड़कता रहा, लेकिन अकादमिक पाठ्यपुस्तकों और बड़े राष्ट्रीय आयोजनों में इनकी उपस्थिति एक अपवाद से अधिक कुछ नहीं थी. यहीं पर आज के उत्तर प्रदेश की वह नई सामाजिक और राजनीतिक चेतना महत्वपूर्ण हो जाती है, जो प्रतीकों से आगे बढ़कर संस्थागत गहराई में उतर रही है.
डॉ. दीप्ति तनेजा (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी को उनके समाज और समस्त महिलाओं के शौर्य का प्रतीक माना. प्रांतीय सशस्त्र पीएसी (PAC) बल में महिलाओं के लिए तीन नई बटालियनों का गठन और उनका नामकरण इन वीरांगनाओं के नाम पर किया जाना ऐसा युगांतरकारी कदम है जो स्मृति को सत्ता और शक्ति के साथ जोड़ता है. एक पत्थर की प्रतिमा पर लोग साल में एक विशेष दिन, किसी जयंती या पुण्यतिथि पर फूल चढ़ाकर औपचारिकता पूरी कर सकते हैं, लेकिन जब किसी राज्य के पुलिस बल की एक पूरी सशक्त टुकड़ी इन वीरांगनाओं के नाम से जानी जाती है, तो वह नाम हर रोज की ड्यूटी, हर सुबह की परेड, हर सरकारी आदेश और हर जवान की वर्दी पर धड़कता है.
पुलिस बल की पूरी सशस्त्र बटालियन मौजूद
इस कदम का मनोवैज्ञानिक और समाजशास्त्रीय प्रभाव अत्यंत गहरा है. जब उत्तर प्रदेश के किसी दूरस्थ गांव की वंचित समाज की कोई बेटी यह देखती है कि पुलिस बल की एक पूरी सशस्त्र बटालियन उसके अपने समाज की एक वीरांगना के नाम पर खड़ी है तो उसके भीतर एक अभूतपूर्व आत्मविश्वास जन्म लेता है. मनोविज्ञान का यह सर्वमान्य सिद्धांत है कि मनुष्य उसी लक्ष्य की ओर सबसे अधिक प्रेरित होता है, जिसे वह अपने सामने साक्षात् और संभव होते देखता है.
जिस वंचित और शोषित समाज की बेटियों ने सदियों तक सार्वजनिक सम्मान के साथ अपना कोई आदर्श खड़ा नहीं देखा था, उनके लिए अपनी ही जड़ों से निकली किसी नायिका को राजकीय गरिमा और वर्दी के गौरव के साथ जुड़ा हुआ देखना, सदियों की हीनभावना को तोड़ने वाला एक क्रांतिकारी क्षण है. यह इस बात की भी स्पष्ट राजकीय स्वीकृति है कि शौर्य, राष्ट्रभक्ति और बलिदान किसी एक विशिष्ट जाति, वर्ग या जेंडर का नहीं है, समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति के भीतर भी ऐसा ही जज्बा है.
उत्तर प्रदेश की इस सामाजिक जागृति को वर्तमान के यथार्थ और भविष्य की योजनाओं के साथ बड़ी ही कुशलता से पिरोया गया है. पुलिस बल में महिलाओं के लिए आरक्षण, ‘मिशन शक्ति’ के तहत प्रदेश के हर थाने में महिला सहायता डेस्क की स्थापना, स्कूलों में बालिकाओं को दिया जा रहा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, और स्वयं सहायता समूहों तथा ‘बीसी सखी’ जैसी अभिनव पहलों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को मिल रही आर्थिक स्वतंत्रता, ये सभी उसी वैचारिक अनुष्ठान के अलग-अलग अध्याय हैं.
जब आज के समय में वंचित वर्ग की कोई युवा लड़की पुलिस अधिकारी बनती है, अपने गांव की प्रधान चुनी जाती है, या अपना कोई छोटा उद्यम शुरू करती है, तो उसकी इस विकास यात्रा में दो अलग-अलग धाराएं आकर मिलती हैं. एक धारा है राज्य द्वारा दिए गए अवसरों और कल्याणकारी योजनाओं की, और दूसरी धारा है उस ऐतिहासिक आत्मसम्मान की, जो उसे ऊदा देवी और झलकारी बाई की गाथाओं से प्राप्त होता है.
इतिहास का सच्चा लोकतंत्रीकरण
इतिहास और स्मृति की इस पुनर्स्थापना का एक गहरा लोकतांत्रिक पक्ष भी है, जिसे समझे बिना यह विमर्श अधूरा रहेगा. भारतीय संविधान के शिल्पी बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जिस सामाजिक लोकतंत्र की कल्पना की थी, उसकी सबसे बड़ी शर्त यही थी कि समाज के हर वर्ग, हर तबके को अपनी गौरवगाथा पर अधिकार मिले. उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी कल्पना को मूर्त रूप दिया है.
योगी सरकार की सोच स्पष्ट है कि सामाजिक लोकतंत्र तभी आएगा जब इस राज्य की मिट्टी और इसकी स्मृतियों पर सबका समान अधिकार हो. दलित, पिछड़े और वंचित समाज की महिलाओं को ‘राष्ट्रीय नायिकाओं’ के रूप में स्थापित करना बाबासाहेब की अवधारणा को पूरा करने की ओर बढ़ाया गया एक ठोस कदम है. यही इतिहास का सच्चा लोकतंत्रीकरण है.
सन् 1857 में ऊदा देवी ने सिकंदरबाग के उस पेड़ की डाल से मातृभूमि के प्रति अपना जो सर्वोच्च कर्तव्य निभाया था, आज उनके नाम की वर्दी पहने प्रदेश की हजारों बेटियां उसी कर्तव्य को एक नए रूप, एक नए सांचे में ढालकर निभा रही हैं. जिन चेहरों को इतिहास के अभिजात्य पन्नों ने भुलाने की हर मुमकिन कोशिश की, उन्हें आज, उत्तर प्रदेश की नई चेतना ने राज्य का सबसे सम्मानित और सशक्त हिस्सा बना दिया है. मंजिल अभी और भी है, लेकिन इस बात में कोई संदेह नहीं कि अब दिशा बिल्कुल सही है.
यूपी में समतामूलक समाज का नया अध्याय, जानें वीरांगनाओं की विरासत और सरकार की पहल
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,