Tach – Inverter में कब और कितना डालना चाहिए पानी? एक गड़बड़ी बैटरी को कर सकती है तबाह, जानें मेंटेनेंस टिप्स

Powered by :

Last Updated:

क्या आपके घर का इन्वर्टर बिजली जाते ही कुछ मिनटों में बंद हो जाता है? इसकी एक बड़ी वजह बैटरी में पानी का लेवल कम होना हो सकती है. जानिए इन्वर्टर बैटरी का पानी कितने दिन में चेक करना चाहिए, उसमें कितना पानी भरना सही है और नल या RO के पानी की जगह डिस्टिल्ड वॉटर इस्तेमाल करना क्यों जरूरी है. बैटरी में पानी भरते समय किन सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए…

घर में अचानक बिजली जाने पर इन्वर्टर काफी राहत देता है. आजकल लगभग हर घर में इन्वर्टर देखने को मिल जाता है. लेकिन कई लोग एक बार इन्वर्टर खरीदने के बाद उसे घर के किसी कोने में रख देते हैं और सालों तक उसकी देखभाल पर ध्यान नहीं देते. इसका अहसास तब होता है, जब अचानक बिजली चली जाती है और इन्वर्टर महज 10 मिनट में ही बंद हो जाता है. ऐसे में लोगों को याद आता है कि उन्होंने लंबे समय से इन्वर्टर की देखभाल नहीं की है.

इन्वर्टर का बैकअप कम होने की एक बड़ी वजह बैटरी में पानी का लेवल कम होना है. कई लोगों को पता ही नहीं होता कि बैटरी का पानी कब चेक करना चाहिए, कितना पानी भरना चाहिए और इसके लिए किस तरह का पानी इस्तेमाल करना सही है. थोड़ी सी लापरवाही के कारण 15 से 20 हजार रुपये की महंगी बैटरी तय समय से पहले ही खराब हो सकती है. इसलिए इन्वर्टर बैटरी की उम्र बढ़ाने और बेहतर बैकअप पाने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

बैटरी में पानी कब डालना चाहिए? इन्वर्टर बैटरी में लगे वाटर लेवल इंडिकेटर को हर 45 से 60 दिन में यानी करीब डेढ़ से दो महीने में एक बार जरूर चेक करना चाहिए. अगर आपके इलाके में लंबे समय तक बिजली कटती है या गर्मी का मौसम है, तो बैटरी जल्दी चार्ज और डिस्चार्ज होती है. इससे बैटरी का पानी भी तेजी से भाप बनकर उड़ने लगता है. ऐसी स्थिति में हर महीने कम से कम एक बार वाटर लेवल इंडिकेटर की जांच करना जरूरी है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

बैटरी के ऊपर मौजूद हर सेल के साथ एक पारदर्शी फ्लोट इंडिकेटर लगा होता है. इस पर लाल और हरे रंग के निशान बने होते हैं. जब इंडिकेटर का ऊपरी हिस्सा लाल निशान के पास या उससे नीचे आ जाए, तो समझ लें कि बैटरी में पानी डालने का समय हो गया है. पानी भरते समय इस बात का खास ध्यान रखें कि इंडिकेटर सिर्फ हरे निशान तक ही पहुंचे. जरूरत से ज्यादा पानी भरने पर चार्जिंग के दौरान बैटरी से एसिड बाहर निकल सकता है. इससे बैटरी के साथ-साथ फर्श को भी नुकसान पहुंच सकता है.

सिर्फ डिस्टिल्ड वॉटर का इस्तेमाल करें: कई लोग बैटरी में पानी कम होने पर उसमें घर का नल वाला पानी या RO का पानी भर देते हैं. यह एक बड़ी गलती है, जिससे बैटरी के अंदरूनी हिस्से खराब हो सकते हैं. नल के पानी और RO के पानी में कई तरह के मिनरल, क्लोरीन और आयरन मौजूद हो सकते हैं. ये तत्व बैटरी के अंदर लगी लेड प्लेटों पर जमने लगते हैं और बैटरी की केमिकल प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं.

इस वजह से बैटरी ठीक से चार्ज नहीं हो पाती और उसका बैकअप देने का समय भी तेजी से कम होने लगता है. इसलिए इन्वर्टर बैटरी में हमेशा सिर्फ डिस्टिल्ड वॉटर ही डालना चाहिए. यह पानी किसी भी बैटरी की दुकान पर आसानी से मिल जाता है. मिनरल्स से मुक्त और शुद्ध होने के कारण यह बैटरी की प्लेटों को सुरक्षित रखने में मदद करता है. इससे बैटरी लंबे समय तक अच्छा बैकअप दे सकती है.

बैटरी में पानी भरते समय इन बातों का रखें ध्यान: बैटरी में पानी भरना सुनने में आसान काम लगता है, लेकिन ऐसा करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. सबसे पहले पानी डालने से पहले इन्वर्टर का मेन स्विच बंद कर दें और उसका प्लग सॉकेट से निकाल लें. बैटरी चार्ज होने के दौरान उसमें पानी डालने से बिजली का झटका लगने का खतरा रहता है.

इंडिकेटर का कैप खोलने से पहले बैटरी के ऊपरी हिस्से को सूखे कपड़े से अच्छी तरह साफ कर लें. इससे धूल और गंदगी बैटरी के सेल के अंदर नहीं जा पाएगी. बैटरी में सीधे पानी डालने के बजाय प्लास्टिक की फनल का इस्तेमाल करें. इसके अलावा, अगर बैटरी के टर्मिनल पर कार्बन जमा हो गया है, तो उसे गर्म पानी और पुराने ब्रश की मदद से साफ कर सकते हैं. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप इन्वर्टर बैटरी की सही देखभाल कर सकते हैं और उसे बेवजह खराब होने से बचा सकते हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.

Source link

Back to top button