नासा का वॉयजर-1 धरती से 1 प्रकाश दिन दूर पहुंचा:सिग्नल पहुंचने में 24 घंटे लगते हैं, इंसानों की बनाई कोई चीज इतनी दूर नहीं गई- INA NEWS

नासा का मशहूर अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 पृथ्वी से करीब 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंच गया है। इसने एक लाइट-डे यानी प्रकाश की एक दिन में तय होने वाली दूरी पूरी कर ली है। इंसान की बनाई कोई दूसरी चीज अब तक इतनी दूर नहीं पहुंची है। एक लाइट-डे का मतलब है वह दूरी, जिसे प्रकाश 24 घंटे में तय करता है। प्रकाश की रफ्तार करीब 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड है। इस हिसाब से एक लाइट-डे करीब 16 अरब मील (25.9 अरब किलोमीटर) के बराबर होता है। अब पृथ्वी से भेजे गए रेडियो सिग्नल को वॉयजर-1 तक पहुंचने में करीब 24 घंटे लगेंगे। वहां से जवाब आने में भी इतना ही समय लगेगा। यानी इससे बातचीत करने में करीब दो दिन लग सकते हैं। वॉयजर-1 ने 1998 में नासा के ही दूसरे अंतरिक्ष यान पायनियर-10 को पीछे छोड़कर सबसे दूर पहुंचने वाली इंसान की बनाई वस्तु का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। तब से यह लगातार अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है। 4 साल के मिशन के लिए बना था, 49 साल से कर रहा काम वॉयजर-1 को सितंबर 1977 में अंतरिक्ष में भेजा गया था। तब से इसने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। इसके साथ ही इसका जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयजर-2 भी है, जिसे वॉयजर-1 के करीब एक महीने बाद लॉन्च किया गया था। शुरुआत में दोनों यानों को सिर्फ पांच साल तक काम करने के लिए बनाया गया था। इनका मुख्य काम बृहस्पति और शनि ग्रहों की खोज करना था। लेकिन दोनों यान उम्मीद से करीब 10 गुना ज्यादा समय तक काम कर चुके हैं। सौरमंडल से बाहर की दुनिया का अध्ययन कर रहे दोनों यान वॉयजर-1 और वॉयजर-2 अब इंटरस्टेलर स्पेस यानी तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष का अध्ययन कर रहे हैं। दोनों यान सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र से बनी एक विशाल सुरक्षा परत हेलियोस्फीयर को पार कर चुके हैं। वॉयजर-1 ने 2012 में और वॉयजर-2 ने 2018 में इस सीमा को पार किया था। इन यानों को असल में ग्रहों की खोज के लिए बनाया गया था, लेकिन अब इनसे तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वैज्ञानिकों को अब यह समझना पड़ रहा है कि इन पुरानी मशीनों से ऐसा काम कैसे कराया जाए, जिसके लिए इन्हें मूल रूप से तैयार ही नहीं किया गया था। वॉयजर को चालू रखने के लिए नासा की नई तरकीब 1. गैर-जरूरी उपकरण बंद किए बिजली बचाने के लिए नासा ने धीरे-धीरे वैज्ञानिक और दूसरे उपकरण बंद किए। वॉयजर-1 के 10 वैज्ञानिक उपकरणों में से अब सिर्फ 2 काम कर रहे हैं। ये चुंबकीय क्षेत्र और आवेशित कणों का अध्ययन करते हैं। 2. बिजली का बंटवारा बदला ज्यादा बिजली खर्च करने वाले 3 उपकरण बंद किए। उनकी जगह 3 दूसरे उपकरण चालू किए, जो कुल मिलाकर कम बिजली खर्च करते हैं। इससे करीब 10 वॉट बिजली की बचत हुई। 3. ईंधन की पाइप को गर्म रखा अंतरिक्ष में बहुत कम तापमान होता है। ऐसे में यान के ईंधन के जमने का खतरा रहता है। नासा ने नए उपकरणों को इस तरह चुना कि यान के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी बनी रहे। 4. कंप्यूटर को गर्म रखा यान के कंप्यूटरों को ठीक से काम करने के लिए एक निश्चित तापमान की जरूरत होती है। इंजीनियरों ने बिजली के इस्तेमाल में बदलाव करते समय यह ध्यान रखा कि कंप्यूटर ठंडे न पड़ें। 5. पुराने उपकरणों से नए काम लिए वॉयजर को मूल रूप से बृहस्पति और शनि जैसे ग्रहों की खोज के लिए बनाया गया था। लेकिन अब इसका इस्तेमाल तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष का अध्ययन करने में हो रहा है। 6. रेडियो संपर्क बनाए रखने की व्यवस्था बचाई यान का एंटीना धरती की तरफ होना जरूरी है, ताकि वह आंकड़े भेज सके और नासा से निर्देश प्राप्त कर सके। इसके लिए ईंधन और दिशा नियंत्रित करने वाली व्यवस्था को चालू रखना जरूरी है। 10 लोगों की टीम संभाल रही 49 साल पुराने मिशन को वॉयजर-1 को चलाए रखने के लिए आज नासा की एक छोटी-सी टीम काम कर रही है। स्काई एंड टेलिस्कोप को दिए इंटरव्यू में मिशन की वैज्ञानिक लिंडा स्पिलकर ने बताया कि इस टीम में करीब 10 लोग हैं। कुछ लोग पूरे समय इस मिशन पर काम करते हैं, जबकि कुछ दूसरे प्रोजेक्ट के साथ इसका काम भी संभालते हैं। टीम में सबसे युवा सदस्य कम्युनिकेशन इंजीनियर हैं, जिनकी उम्र 25 साल है। उनके माता-पिता का जन्म भी वॉयजर-1 के लॉन्च होने के बाद हुआ था। वहीं, टीम में एक ऐसा विशेषज्ञ भी है, जो 90 साल का हो चुका है और मिशन के शुरुआती दिनों से इससे जुड़ा रहा है। स्पिलकर खुद भी इस मिशन के साथ लंबे समय से जुड़ी हैं। वह 1977 में वॉयजर मिशन शुरू होने के समय से इससे जुड़ी थीं। बाद में कुछ समय के लिए अलग हुईं और 2020 में फिर इस टीम में शामिल हुईं। उस समय उन्हें लगा था कि यह मिशन कुछ और साल ही चल पाएगा। लेकिन वॉयजर-1 आज भी काम कर रहा है। 2029 तक बंद हो सकता है धरती से संपर्क वॉयजर-1 के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इससे संपर्क कभी भी टूट सकता है। नेचर की रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी बिजली पूरी तरह खत्म होने के कारण 2029 तक इससे संपर्क बंद होने की आशंका है। इसके जुड़वां यान वॉयजर-2 से 2031 तक संपर्क खत्म हो सकता है। हाल ही में वॉयजर-1 से करीब 48 घंटे तक संपर्क नहीं हो पाया था। बाद में यह फिर से सक्रिय हो गया और इससे संदेश मिलने लगे। इस यान में खराबी आने पर नासा के वैज्ञानिकों के पास उसे ठीक करने के लिए वहां जाने का कोई रास्ता नहीं है। उन्हें धरती से ही निर्देश भेजकर समस्या का समाधान करना पड़ता है। 2024 में भी ऐसा ही हुआ था। वॉयजर-1 अचानक गलत और बेकार आंकड़े भेजने लगा। जांच में पता चला कि उसके कंप्यूटर की एक चिप खराब हो गई है। संभव है कि अंतरिक्ष से आने वाले किसी कण ने उसे नुकसान पहुंचाया हो। वैज्ञानिकों ने महीनों तक कंप्यूटर के प्रोग्राम में बदलाव करने पर काम किया। फिर धरती से नया निर्देश भेजा गया। चूंकि यान उस समय भी धरती से बहुत दूर था, इसलिए निर्देश पहुंचने और जवाब आने में करीब दो दिन लगे। आखिरकार अप्रैल 2024 में वैज्ञानिकों को फिर से सही आंकड़े मिलने लगे। यह घटना बताती है कि इतनी दूर मौजूद एक पुरानी मशीन को चलाए रखना कितना मुश्किल काम है।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button