रिपोर्ट- अमेरिकी उपराष्ट्रपति से नाराज हुए ट्रम्प:वेंस ने ईरान जंग की आलोचन की थी; विदेशमंत्री रूबियो को 2028 चुनाव में बेहतर राष्ट्रपति उम्मीदवार बताया- INA NEWS

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से नाराज हैं। वजह है ईरान युद्ध पर वेंस की आलोचना। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प का मानना है कि वेंस को ईरान पर हमले के उनके फैसले का समर्थन करना चाहिए था। दूसरी तरफ, ट्रम्प विदेश मंत्री मार्को रुबियो की तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने रुबियो को 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए अच्छा उम्मीदवार बताया है। रुबियो लगातार ईरान पर हमले को सही ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि अमेरिका की सुरक्षा के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी। वहीं, वेंस ने कहा है कि उनके और ट्रम्प के बीच इस मुद्दे पर कोई मतभेद नहीं है। वेंस ने कहा था- ईरान युद्ध की वजह से हारी रिपब्लिकन पार्टी 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ी हार मिली थी। डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों- हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट में बहुमत हासिल कर लिया था। इसके बाद वेंस ने पार्टी की हार के कारण बताए थे। उन्होंने ईरान युद्ध और इजराइल के साथ अमेरिका के रिश्तों को हार की बड़ी वजह बताया था। वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा था कि हार की वजह सिर्फ यह नहीं थी कि रिपब्लिकन समर्थकों ने वोट नहीं डाला। बल्कि 2024 में ट्रम्प को वोट देने वाले कई लोगों ने इस बार डेमोक्रेटिक पार्टी का साथ दिया। वेंस ने पार्टी के आंतरिक सर्वे का हवाला देते हुए कहा था कि लोग चार बातों से नाराज थे। इनमें ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई, ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति पर सरकार का कमजोर रुख और इजराइल के साथ अमेरिका के रिश्ते शामिल थे। उन्होंने साफ कहा था, “हमारी हार की वजह युद्ध है।” ट्रम्प बोले- दोबारा मौका मिला तो फिर ईरान पर हमला करूंगा वेंस के बयान पर ट्रम्प ने माना था कि ईरान युद्ध की वजह से चुनाव में पार्टी को नुकसान हुआ होगा। हालांकि, उन्होंने ईरान पर हमले के अपने फैसले को सही बताया था। ट्रम्प ने पत्रकारों से कहा था, “यह बात शायद सही है। लेकिन अगर मुझे दोबारा फैसला लेना पड़े, तो मैं फिर यही करूंगा। लंबे समय में यही एकमात्र रास्ता है। ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते।” वहीं, वेंस ने सोमवार को कहा था कि इस मुद्दे पर उनके और ट्रम्प के बीच कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने साफ किया कि उनकी बात युद्ध के राजनीतिक नुकसान को लेकर थी, न कि ट्रम्प के फैसले का विरोध करने के लिए। 2028 के चुनाव में वेंस और रुबियो के बीच मुकाबले के आसार ट्रम्प की नाराजगी को 2028 के राष्ट्रपति चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वेंस और रुबियो दोनों को रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। हालांकि, दोनों ने अभी चुनाव लड़ने का ऐलान नहीं किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, वेंस के करीबी लोगों का कहना है कि वे अभी चुनाव लड़ने को लेकर फैसला नहीं कर पाए हैं। उन्हें लगता है कि अगर ट्रम्प ईरान पर दोबारा हमला करते हैं या कोई बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हैं, तो इससे वेंस की उम्मीदवारी को नुकसान हो सकता है। हाल ही में हुए रॉयटर्स के सर्वे में 45% रिपब्लिकन मतदाताओं ने रुबियो को राष्ट्रपति पद के लिए अच्छा उम्मीदवार बताया। वहीं, 43% लोगों ने वेंस को इस लायक माना। 28 फरवरी को अमेरिका ने ईरान पर हमले शुरू किए थे अमेरिका ने 28 फरवरी को ईरान पर हमले शुरू किए थे। इसके बाद इजराइल भी इस संघर्ष में शामिल हो गया। इससे पूरे मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया। ट्रम्प का कहना है कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए हमला करना जरूरी था। वे लगातार अपने फैसले का बचाव कर रहे हैं। चुनाव में हार के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी को संसद के दोनों सदनों में बहुमत मिल गया है। अब वह ट्रम्प सरकार के फैसलों की जांच कर सकती है और अधिकारियों से जवाब मांग सकती है। इससे ट्रम्प के कार्यकाल के बाकी दो साल में उनकी सरकार पर राजनीतिक दबाव बढ़ सकता है।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |