किशनपुर कस्बा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में मंगलवार सुबह विद्यालय में मूलभूत सुविधा न मिलने से क्षुब्ध छात्र-छात्राओं ने स्कूल गेट पर प्रदर्शन किया। छात्र हाथों में तख्तियां लेकर पेयजल, जर्जर भवन, टपकती छत, पर्याप्त पंखे, फर्नीचर और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। साथ ही छात्र डीएम का आना होगा पोस्टर हाथों में लिए हुए थे। सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 12 बजे जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में खेल शिक्षक होने के बावजूद नियमित खेल गतिविधियां आयोजित नहीं कराई जातीं। खेल मैदान की भी समुचित साफ-सफाई और देखरेख नहीं होती। साथ ही बताया कि विद्यालय में लगा वाटर कूलर केवल शिक्षकों और कर्मचारियों के उपयोग में आता है। विद्यार्थियों को उससे पानी नहीं लेने दिया जाता। सभी छात्रों के लिए नए वाटर कूलर की व्यवस्था की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की सूचना पर थाना किशनपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार नितिन कुमार और हल्का लेखपाल ने भी विद्यालय पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनीं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीआईओएस राकेश कुमार ने छात्रों को आश्वस्त किया कि 10 दिनों के भीतर प्राथमिक समस्याओं के समाधान की कार्रवाई शुरू कराई जाएगी।
17 कमरों में 1850 विद्यार्थियों की पढ़ाई
विद्यालय में वर्तमान में करीब 1850 विद्यार्थियों का नामांकन है, जबकि केवल 17 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें चार कमरे अत्यंत जर्जर हैं और कई कक्षाएं टिनशेड के नीचे संचालित होती हैं। निर्धारित मानकों के विपरीत एक कक्षा में क्षमता से कहीं अधिक विद्यार्थियों को बैठाया जा रहा है।