CBSE ने 12वीं री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया टाली:अब 1 जून से खुलेगा पोर्टल; तकनीकी दिक्कतों के बाद लिया फैसला- INA NEWS

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 के छात्रों के लिए री-इवैल्यूएशन और मार्क्स वेरिफिकेशन प्रक्रिया की तारीख आगे बढ़ा दी है। पहले यह पोर्टल 29 मई से खुलना था, लेकिन अब इसे 1 जून से शुरू किया जाएगा। CBSE ने बताया कि यह फैसला तकनीकी दिक्कतों और बड़ी संख्या में आने वाले आवेदन को देखते हुए लिया गया है। बोर्ड पोर्टल को और मजबूत बना रहा है ताकि छात्रों को आवेदन करते समय परेशानी न हो। इस साल CBSE ने पहली बार ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम लागू किया है। इसके बाद कई छात्रों और पैरेंट्स ने नंबरों में गड़बड़ी और तकनीकी समस्याओं की शिकायत की थी। इसी बीच री-इवैल्यूएशन पोर्टल को लेकर भी छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। बोर्ड के मुताबिक, छात्र 1 जून से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मार्क्स वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। CBSE ने इससे पहले छात्रों को उनकी आंसर शीट की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई थी। बोर्ड के मुताबिक लाखों छात्रों ने अपनी कॉपियों की डिजिटल कॉपी मांगी थी और ज्यादातर कॉपियां छात्रों को भेज दी गई हैं। री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में छात्र अपनी कॉपी में टोटलिंग की गलती, छूटे हुए जवाब या गलत मार्किंग जैसी चीजों की जांच के लिए आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि री-इवैल्यूएशन के बाद जारी परिणाम अंतिम माना जाएगा। CBSE ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आवेदन की नई तारीख और जरूरी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button