खबर शहर , UP: ताजमहल के बाहर बेखौफ चोर, पर्यटकों की कारों के शीशे तोड़े; बैग और मोबाइल कर ले गए चोरी – INA

ताज का दीदार करने आने वाले पर्यटकों के वाहनों को चोर निशाना बना रहे हैं। रविवार को पश्चिमी गेट पार्किंग और फतेहाबाद रोड पर एक रेस्तरां के बाहर पर्यटकों की कार के शीशे तोड़ दिए गए। इसके बाद बैग चुरा ले गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। पश्चिमी गेट पार्किंग से चोरी हुआ बैग एक ऑटो चालक को मिल गया जबकि दूसरे का पता नहीं चला। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश में लगी है।
पहली घटना पश्चिमी गेट पार्किंग में हुई। अलवर, राजस्थान निवासी रमन कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीबन 11:30 बजे वो परिवार संग ताजमहल आए थे। उन्होंने अपनी कार को पश्चिमी गेट पार्किंग में खड़ी की। ताजमहल भ्रमण के बाद लौटने पर उन्हें कार का पिछला शीशा टूटा मिला। कार में रखा उनकी भाभी का बैग गायब था। इसमें कपड़े सहित अन्य सामान रखे थे। यह देखकर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पार्किंग में पुलिस भी रहती है। पीड़ित ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए। हालांकि बाद में बैग मिल जाने पर उन्होंने शिकायत वापस ले ली।
अन्य मामले में पाली, राजस्थान निवासी चित्ररंजन गुप्ता परिवार सहित आगरा आए थे। वह ताज का दीदार करने के बाद फतेहाबाद रोड स्थित एक रेस्तरां में खाना खाने आए थे। उन्होंने कार को रेस्तरां के बाहर खड़ा कर दिया। इसके बाद अंदर चले गए। कुछ देर बाद आए तो कार का साइड का शीशा टूटा हुआ था। महिला का पर्स गायब था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। इसमें एक युवक नजर आया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन चेक की। मोबाइल ईदगाह की तरफ जाने के बाद बंद हो गया। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखे गए हैं। इससे आरोपी की तलाश की जा रही है। इसके लिए थाना ताजगंज की टीम को लगाया गया है।