सीजी- बालोद: घर में गूंज रही थी किलकारियां, पलभर में पसरा सन्नाटा,खेलते-खेलते पानी भरे टब में डूबी डेढ़ साल की मासूम – INA

जिले के डौंडीलोहारा नगर के राजापार में मंगलवार की शाम एक हृदय विदारक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे वार्ड व नगर में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार राजापारा निवासी लकी ठाकुर की डेढ़ वर्षीय पुत्री जानू मंगलवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच घर के आंगन में खेल रही थी। उस दौरान घर के सदस्य अपने-अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे और पिता काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। खेलते-खेलते बच्ची आंगन में रखे पानी से भरे बड़े टब के पास पहुंची और संतुलन बिगड़ने से उसमें जा गिरी।

ये भी पढ़ें: धमतरी: मोबाइल चलाने की बात पर भाइयों में विवाद, बड़े भाई ने डंडे से पीटकर छोटे भाई की हत्या की

काफी देर तक जब बच्ची नजर नहीं आई तब परिजनों की नजर टब में पड़ी। बच्ची को पानी में बेसुध देख घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर डौंडीलोहारा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। जिस घर में कुछ देर पहले मासूम की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा और चीत्कार पसरा है। मासूम की असमय मौत से माता-पिता बेसुध हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button