सीजी- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में तीन दिन थमेगी बारिश की रफ्तार, फिर बदलेगा मौसम; आज 16 जिलों में यलो अलर्ट – INA

छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों के बीच अगले कुछ दिनों में बारिश का जोर थोड़ा कम होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले तीन दिनों तक वर्षा की तीव्रता में कमी रह सकती है, हालांकि कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद मौसम प्रणाली के प्रभाव से एक बार फिर बारिश बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम खराब होने के आसार हैं। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश होने की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां बारिश के भी संकेत दिए हैं। दिन का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को 1 से 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि रायपुर में दिन के दौरान बारिश नहीं हुई। सोमवार को राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर उमस के बाद शाम के समय हल्की बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदला, हालांकि राजधानी में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई।
12 अगस्त से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ मानसून द्रोणिका और अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से 12 अगस्त को इसी क्षेत्र में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बनने के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ सकती हैं।
फिलहाल राहत, फिर बारिश का दौर
मौसम के मौजूदा संकेत बताते हैं कि प्रदेश में बारिश से थोड़ी राहत का दौर आने वाला है, लेकिन मानसून पूरी तरह कमजोर नहीं होगा। अगले कुछ दिनों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश जारी रह सकती है और नई मौसम प्रणाली बनने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बारिश का जोर बढ़ने की संभावना है।