दिल्ली के GTB अस्पताल से बच्चे का अपहरण:सहेली को देकर पर्ची की लाइन में लगी; वापस आने पर नहीं मिली, केस दर्ज- INA NEWS

दिल्ली के शाहदरा जिले के जीटीबी एंक्लेव थाना क्षेत्र स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल से रविवार को 7 महीने के मासूम के अपहरण के बाद पुलिस ने आरोपी महिला की धरपकड़ के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी है। प्राथमिक जांच में संदिग्ध महिला के कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर उसकी पहचान की कोशिश की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं, वहीं बच्चे की मां नाजरीन का रो-रोकर बुरा हाल है। गोद में बच्चा देकर स्लिप बनवाने गई, लौटने तक गायब थी ‘दोस्त’ जानकारी के अनुसार, सीमापुरी निवासी 23 वर्षीय नाजरीन रविवार को अपने 7 महीने के बेटे के साथ जीटीबी अस्पताल आई थी। मेडिकल प्रक्रिया के दौरान नाजरीन को डॉक्टर की पर्ची (मेडिकल स्लिप) लेने के लिए कतार में लगना था। उसने करीब एक सप्ताह पहले सीलमपुर में मिली एक अज्ञात महिला पर भरोसा करते हुए अपने बच्चे को उसकी गोद में छोड़ दिया। लेकिन चंद मिनटों बाद जब नाजरीन स्लिप लेकर लौटी, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला और बच्चा दोनों वहां से नदारद थे। विश्वास जीतकर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस की 3 टीमें गठित अस्पताल में काफी तलाश के बाद जब बच्चा नहीं मिला, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी महिला ने बेहद शातिर तरीके से पहले नाजरीन से दोस्ती बढ़ाई, उसका भरोसा जीता और फिर मौका पाकर बच्चे को लेकर फरार हो गई। सीसीटीवी फुटेज और रूट मैप पर काम जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की 3 टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अस्पताल के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स और सीलमपुर से अस्पताल तक के रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि महिला के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध महिला को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button