यूपी – अलीगढ़: सीमा रेलवे फाटक बंद किए जाने का विरोध करने पहुंचे कांग्रेस नेता हिरासत में, पुलिस बल तैनात – INA

अलीगढ़ में सीमा रेलवे क्रॉसिंग को हमेशा के लिए बंद करने की रेलवे और प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को विरोध जताने पहुंचे कांग्रेस नेता आगा यूनुस को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रेलवे द्वारा क्रॉसिंग पर दीवार बनाकर रास्ता हमेशा के लिए बंद किए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
सीमा रेलवे फाटक बंद होने से दोनों ओर की 10,000 से अधिक की आबादी के सामने आवागमन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस रास्ते के बंद होने से रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, जिससे जनता में रोष लगातार पनप रहा है।
इस कार्रवाई का विरोध जताने पहुंचे कांग्रेसियों ने मौके पर प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शनी के दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेता आगा यूनुस को हिरासत में ले लिया। इसके बावजूद, कांग्रेस नेता ने प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया और रेलवे के डीआरएम को भी पत्र भेजकर इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
विरोध और तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ही चारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है, जिससे इस रास्ते से वाहनों और आम नागरिकों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। रेलवे के इस कदम से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी का माहौल है और लोग इस फैसले के खिलाफ वैकल्पिक मार्ग की मांग कर रहे हैं।