Crime- अंबाला में बवाल: झींडा का आरोप- हमारे साथ धोखा किया, हम धरना खत्म करने वाले थे तभी कर दिया लाठीचार्ज -#INA

हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने पुलिस प्रशासन पर धोखेबाजी और संगत को गुमराह करने का बड़ा आरोप लगाया है। एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए झींडा ने वीरवार रात हुई घटना का ब्योरा दिया और कहा कि जब बातचीत के जरिए मसला हल होने वाला था, तब पुलिस ने बर्बरता दिखाई।

‘सीएम हाउस से आया था फोन, कार्रवाई का मिला था आश्वासन’

जगदीश सिंह झींडा ने बताया कि रात करीब 8:13 बजे उनकी पुलिस के आला अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत चल रही थी। इसी दौरान मुख्यमंत्री आवास से भी फोन आया, जहां से उन्हें मामले में उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया गया था। झींडा ने कहा कि हम प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट थे और धरना समाप्त करने की घोषणा करने ही वाले थे। लेकिन इसी बीच पुलिस ने अचानक संगत पर वाटर कैनन चला दी और आंसू गैस के गोले दाग दिए। हमारे साथ सीधा धोखा किया गया है।

बैरिकेडिंग तोड़कर जीटी रोड किया था जाम

गौरतलब है कि वीरवार को सिख समाज के आक्रोशित लोगों ने पंजोखरा साहिब से . बढ़ते हुए पुलिस की चार बैरिकेडिंग तोड़ दी थीं। इसके बाद प्रदर्शनकारी जग्गी सिटी सेंटर के सामने जीटी रोड पर पहुंच गए और यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पहले चेतावनी दी और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद जब प्रदर्शनकारी जीटी रोड से नहीं हटे, तो रात करीब साढ़े आठ बजे पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए भीड़ को दौड़ा-दौड़ा कर खदेड़ दिया।

पथराव और हमले में डीएसपी घायल

कार्रवाई के दौरान स्थिति और अधिक उग्र हो गई। प्रदर्शनकारियों की ओर से जमकर पथराव किया गया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने धारदार हथियारों का प्रयोग भी किया, जिससे एक डीएसपी सहित कई अन्य पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button