Crime- कैथल में सिरसा ब्रांच नहर के पास मुठभेड़: पुलिस टीम पर हमला कर भाग रहे थे तस्कर, एक आरोपी गोली लगने से घायल -#INA

कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम को बड़ी सफलता मिली है। गांव फरल में सिरसा ब्रांच नहर के पास पुलिस और नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान तस्करों द्वारा पुलिस टीम पर हमला करने और भागने के प्रयास के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक तस्कर की टांग में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से आरोपियों को काबू कर लिया है।

भागने की फिराक में थे तस्कर, पुलिस पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल की टीम को गांव फरल के पास सिरसा ब्रांच नहर के समीप संदिग्ध नशा तस्करों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तस्करों को घेरने की कोशिश की, तो उन्होंने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर हमला कर दिया और वहां से भागने का प्रयास किया।

जवाबी फायरिंग में तस्कर घायल

पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ और जवाबी कार्रवाई में मटौर गांव निवासी आरोपी संदीप की बाईं टांग में गोली लग गई। गोली लगते ही आरोपी संदीप वहीं गिर पड़ा, जिसके बाद मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे और उसके साथियों को तुरंत हिरासत में ले लिया।

नागरिक अस्पताल में उपचार जारी, जांच में जुटी पुलिस

मुठभेड़ के बाद घायल तस्कर संदीप को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी रमेश ने बताया कि नशा तस्करों ने पुलिस टीम को देखते ही भागने की नीयत से उन पर हमला कर दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी संदीप घायल हो गया। सभी आरोपियों को काबू कर लिया गया है और मामले में . की कानूनी कार्रवाई व गहन जांच जारी है।

Credit By Amar Ujala

Back to top button