Crime- Haryana: महेंद्रगढ़ में 45 लाख के लोन का झांसा देकर 22.53 लाख रुपये की ठगी, एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज -#INA

गांव कैमला निवासी एक व्यक्ति से 45 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 22.53 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महेंद्रगढ़ सदर थाना पुलिस ने शिकायकर्ता मनोज कुमार की शिकायत पर दिल्ली निवासी एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें 10 जुलाई को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को एक फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कम ब्याज दर पर लोन देने की बात कही। मनोज कुमार को अपने व्यवसाय के लिए 40 से 45 लाख रुपये के लोन की आवश्यकता थी। आरोपी ने उससे आधार कार्ड और पैन कार्ड मांगे, जो उसने भेज दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने मनोज कुमार का सिबिल स्कोर खराब बताया। उसने लोन पास कराने के लिए विभिन्न मदों में राशि जमा कराने को कहा। आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में विभिन्न खातों और फोन-पे के माध्यम से कुल 22 लाख 53 हजार 900 रुपये जमा करवा लिए।
जब मनोज कुमार ने लोन या अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे धमकियां देनी शुरू कर दीं। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा नारनौल की उपनिरीक्षक सारिका की देखरेख में की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने लेन-देन से संबंधित दस्तावेज और बातचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी।