Crime- प्रतापगढ़ : हॉस्टल के लॉन में मिला एमबीबीएस छात्र का शव, मेडिकल कॉलेज में मची सनसनी -#INA

डॉ. सोनेलाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के हॉस्टल परिसर में रविवार सुबह एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र मिथिलेश कुमार (22) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव हॉस्टल के लॉन में मिलने की सूचना से परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बलिया के मझौआ सिद्दी निवासी मिथिलेश ने वर्ष 2024 में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण करने के बाद मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। वह बॉयज हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर तीन अन्य छात्रों के साथ रहता था।
सूचना मिलने पर एएसपी पूर्वी आलोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और छात्रों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही डीवीआर कब्जे में ले लिया है।
छात्र की मौत की जानकारी मिलने पर उसकी बहन प्रियंका और बहनोई मेडिकल कॉलेज पहुंचे। मिथिलेश के पिता राम विलास पश्चिम बंगाल की कोयला खदान में नौकरी करते हैं। पुलिस के अनुसार, पिता के पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।