यूपी – लखनऊ में डग्गामार सिंडिकेट का दबदबा: दलाल बोला- रोज 300 लाओ, बेफिक्र होकर गाड़ी चलाओ; पुलिस को हम देख लेंगे – INA

राजधानी लखनऊ के पॉलीटेक्निक चौराहे से लेकर कमता चौराहे तक डग्गामारी का खेल खुलेआम जारी है। यहां से गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या आदि रूटों पर रोजाना करीब 900 चार पहिया वाहन चल रहे हैं। इनसे हर महीने करीब 1.25 करोड़ रुपये की वसूली होती है। चौराहे पर सक्रिय सिंडिकेट रकम लेकर वाहनों को डग्गेमारी में लगा रहा है।
डग्गामार वाहनों से रोजाना के अलावा हर महीने तय रकम वसूली जाती है। इसके एवज में इन्हें ट्रैफिक व परिवहन विभाग की कार्रवाई से बचाया जाता है। खेल में ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं। अमर उजाला टीम के स्टिंग ऑपरेशन में इसका पर्दाफाश हुआ।
कार डग्गामारी में लगवाने की बात की
पॉलीटेक्निक चौराहे पर पहुंची टीम ने एक चालक सलमान से अपनी कार डग्गामारी में लगवाने की बात की। उसने पिंक बूथ के पीछे खड़े सिंडिकेट के गुर्गों की ओर इशारा करते हुए बताया कि मुकेश शुक्ला सरगना है। कल्लू दादा उनके साथ काम करते हैं। सिंडिकेट में शामिल सूरज, रिंकू वाहन चालकों की डग्गामारी में सेटिंग करवाते हैं।
टीम बूथ के पीछे पहुंची तो कल्लू दादा नहीं मिला पर उसके साथी सूरज से मुलाकात हुई। उसने वाहन डग्गामारी में शामिल करवाने की पूरी प्रक्रिया के बारे में बताया। इसकी रिकॉर्डिंग अमर उजाला के पास मौजूद है।