Tach – बिना व्यूज और लाइक्स की टेंशन के X पर कमाई का मौका, 15 वीडियो पोस्ट करके कमाएं ₹2.85 लाख

एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो पोस्ट करके कमाई करने का मौका मिल सकता है. कंपनी एक नए प्रोग्राम की टेस्टिंग कर रही है, जिसके तहत चुनिंदा क्रिएटर्स को ओरिजिनल वीडियो पोस्ट करने पर 3,000 डॉलर यानी करीब 2.85 लाख रुपये का फिक्स्ड बोनस दिया जाएगा. इस प्रोग्राम का नाम वीडियो किकस्टार्ट बोनस  है और फिलहाल इसे केवल इनविटेशन के जरिए चुने गए क्रिएटर्स के लिए शुरू किया गया है.

इस प्रोग्राम का मकसद क्रिएटर्स को X पर नियमित रूप से वीडियो पोस्ट करने के लिए प्रोत्साहित करना है. दूसरे कई मोनेटाइजेशन प्रोग्राम की तरह इसमें कमाई वीडियो पर मिलने वाले व्यूज या लाइक्स पर निर्भर नहीं होगी. इसके बजाय, क्रिएटर्स को तय समय में वीडियो पोस्ट करने से जुड़ी शर्तें पूरी करनी होंगी.

X वीडियो किकस्टार्ट बोनस  की क्या हैं शर्तें?

SpaceXAI में क्रिएटर प्रोडक्ट लीड Allegra Jacchia ने X पर एक पोस्ट के जरिए इस प्रोग्राम की जानकारी दी. इसके तहत क्रिएटर्स को 30 दिनों के कैंपेन के दौरान कम से कम 15 वीडियो पोस्ट करने होंगे. ये वीडियो 15 अलग-अलग दिनों में पोस्ट किए जाने चाहिए. यानी सभी वीडियो एक ही दिन अपलोड करने से शर्त पूरी नहीं होगी.

हर वीडियो वर्टिकल फॉर्मेट में होना चाहिए और उसकी अवधि तीन मिनट से कम होनी चाहिए. साथ ही, वीडियो में क्रिएटर का ओरिजिनल कंटेंट होना जरूरी है.

क्रिएटर्स दूसरे प्लेटफॉर्म पर पहले पोस्ट किए गए अपने वीडियो भी इस्तेमाल कर सकते हैं, बशर्ते उनमें वॉटरमार्क न हो. वहीं, दूसरे लोगों के कंटेंट पर कमेंट्री करने वाले वीडियो भी योग्य हो सकते हैं, अगर उनमें क्रिएटर की ओर से सार्थक और ओरिजिनल इनपुट दिया गया हो. केवल किसी दूसरे का वीडियो दोबारा पोस्ट करना पर्याप्त नहीं होगा.

कौन उठा सकता है इस बोनस का फायदा?

फिलहाल वीडियो किकस्टार्ट बोनस  के लिए कोई भी क्रिएटर सीधे आवेदन नहीं कर सकता. X ने अभी तक इनविटेशन पाने के लिए सार्वजनिक पात्रता मानदंड भी घोषित नहीं किए हैं. इसलिए केवल फॉलोअर्स या व्यूज की एक निश्चित संख्या होने से इस प्रोग्राम में शामिल होने की गारंटी नहीं है.

जिन क्रिएटर्स को इनविटेशन मिलेगा, वे क्रिएट स्टूडियो के Programmes सेक्शन में जाकर इसमें एनरोल कर सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, चुने गए क्रिएटर्स को 30 अक्टूबर तक एनरोल करना होगा.

इस प्रोग्राम में शामिल होने के लिए न्यूनतम व्यूज या एंगेजमेंट की शर्त नहीं बताई गई है. हालांकि, तय संख्या में योग्य वीडियो पोस्ट करना जरूरी होगा.

Original Content Rewards से कैसे अलग है यह प्रोग्राम?

X का वीडियो किकस्टार्ट बोनस, उसके Original Content Rewards प्रोग्राम से अलग है. ओरिजिनल कंटेंट रिवॉर्ड्स में X प्रीमियम सब्सक्राइबर्स से मिलने वाला एंगेजमेंट कमाई तय करने में भूमिका निभाता है. वहीं, वीडियो किकस्टार्ट बोनस में शर्तें पूरी करने पर 3,000 डॉलर का फिक्स्ड बोनस देने की बात कही गई है.

ओरिजिनल कंटेंट रिवॉर्ड्स से जुड़ी प्रीमियम सब्सक्रिप्शन, कम से कम 500 वेरिफाइड फॉलोअर्स और 5 लाख इम्प्रेशंस जैसी शर्तों को वीडियो किकस्टार्ट बोनस की अनिवार्य शर्तें नहीं समझना चाहिए.

X ने यह भी बताया है कि इस प्रोग्राम के प्रतिभागियों को ओरिजिनल कंटेंट रिवॉर्ड में शामिल होने के लिए फास्ट ट्रैक मिल सकता है. हालांकि, यह अलग प्रोग्राम है और इसके नियम लागू होंगे.

फिलहाल वीडियो किकस्टार्ट बोनस  टेस्टिंग के स्टेज में है. X ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि भविष्य में इसे ज्यादा क्रिएटर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा या नहीं.


Source link

Back to top button