दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री से मिले फेडरेशन प्रतिनिधि:नर्सिंग कैडर की पदोन्नति, कैडर पुनर्गठन और नए पदों के सृजन की रखी मांग- INA NEWS

दिल्ली नर्सेज फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह से मुलाकात कर नर्सिंग कैडर से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने नर्सिंग अधिकारियों की पदोन्नति, कैडर के पुनर्गठन और नए पदों के सृजन समेत कई मुद्दे उठाए। फेडरेशन ने लंबे समय से लंबित करियर प्रोग्रेशन के मामलों के समाधान के साथ कैडर सुदृढ़ीकरण की मांग की। इसके अलावा वेतन-भत्तों और योग्यता वेतन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पतालों में मरीजों के बढ़ते दबाव को देखते हुए पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध कराने और नए पदों के तत्काल सृजन की जरूरत बताई। नर्सिंग कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार और लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित मामलों में उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक के बाद फेडरेशन के महासचिव ने कहा कि यह वार्ता नर्सिंग कैडर को मजबूत करने, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करने और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। फेडरेशन ने मंत्री के सहयोगात्मक रवैये के लिए आभार जताया।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button