नेपाल बाढ़ में कैसे बचा 40 साल पुराना ‘हरा घर’:मालिक बोला- एक घंटे तक फंसे रहे, पाइप-रस्सी के सहारे रेस्क्यू हुआ- INA NEWS

नेपाल में त्रिशूली नदी की बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। तेज बहाव में कई गाड़ियां, इमारतें और लोगों का सामान बह गया। लेकिन नुवाकोट जिले में नदी के किनारे बना 40 साल पुराना हरे रंग का एक घर लगभग सुरक्षित बच गया। आसपास की कई इमारतें और दूसरी चीजें पानी के तेज बहाव में बह गईं, लेकिन यह घर अपनी जगह खड़ा रहा। बाढ़ के बाद इस घर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगे। चारों तरफ पानी और तबाही के बीच घर को सही-सलामत देखकर लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर लोग इसे ‘चमत्कारी घर’ कहने लगे और सबसे बड़ा सवाल यही था कि आखिर इतनी तेज बाढ़ में यह 40 साल पुराना घर कैसे बच गया। अब घर के मालिक प्रकाश ने बताया है कि उस रात घर के अंदर क्या हुआ और आखिर किस वजह से उनका घर बाढ़ के तेज बहाव के सामने टिक पाया। प्रकाश ने इंडिया टुडे की सहयोगी वेबसाइट द लल्लनटॉप से घटनास्थल पर बात की। उन्होंने बताया कि परिवार पानी बढ़ने पर घर की ऊपरी मंजिलों की ओर चला गया और करीब एक से डेढ़ घंटे तक सबसे ऊंचे हिस्से में फंसा रहा। बाढ़ के बीच परिवार घर की छत पर पहुंचा प्रकाश ने बताया कि बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा था और उन्हें लगा कि शायद यह उनके जीवन का आखिरी पल हो सकता है। उस समय परिवार के छह लोग थे, जिनमें पांच घर के अंदर मौजूद थे। प्रकाश पास की अपनी दुकान पर थे, तभी उन्हें बाढ़ का पानी बढ़ने की खबर मिली। वह तुरंत घर पहुंचे और परिवार के लोगों को अंदर आने के लिए कहा। लेकिन बाहर निकलते ही उन्होंने देखा कि पानी के तेज बहाव ने उनकी गाड़ी को पलट दिया है। यह देखकर वह वापस घर के अंदर भाग गए। परिवार पहले घर की चौथी मंजिल पर पहुंचा। यह इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल थी, लेकिन कुछ देर बाद बाढ़ का पानी वहां तक भी पहुंच गया। इसके बाद सभी लोग घर के सबसे ऊंचे हिस्से में चले गए। इस दौरान प्रकाश को अपने उस बेटे की चिंता सता रही थी, जो स्कूल गया हुआ था और घर में नहीं था। उन्होंने कहा, “सब लोग साथ थे, लेकिन मेरा एक बेटा वहां नहीं था। वह स्कूल गया था। मैं लगातार सोच रहा था कि अगर हमारे साथ कुछ हो गया, तो उसका क्या होगा।” प्रकाश ने बताया कि यह चिंता उस खौफनाक वक्त में लगातार उनके दिमाग में चल रही थी। मजबूत नींव से घर को मिला सहारा सोशल मीडिया पर लोग हैरान हैं कि आसपास की इमारतें बाढ़ में बह गईं, लेकिन यह हरा घर कैसे बच गया। प्रकाश के मुताबिक, घर की मजबूत नींव इसकी एक बड़ी वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि यह घर करीब 40 साल पुराना है और नदी के पास होने के कारण बनाते समय नींव पर खास ध्यान दिया गया था। घर के नीचे सड़क बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की दो-तीन परतें भी डाली गई थीं। हालांकि, घर का निचला हिस्सा बाढ़ से नहीं बच सका। वहां उनकी दुकान का सामान रखा था, जो पानी में बह गया। दो वाहन, बाइक और स्कूटर समेत बड़ी मात्रा में सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया।उनकी दुकान के सामान के गोदाम के रूप में किया जा रहा था। पाइप और रस्सी से परिवार को बाहर निकाला प्रकाश के मुताबिक, परिवार करीब एक से डेढ़ घंटे तक घर के सबसे ऊंचे हिस्से में फंसा रहा। पानी थोड़ा कम होने के बाद पास के टोल इलाके के लोग उनकी मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने दोनों इमारतों के बीच एक पाइप लगाया और रस्सी के सहारे परिवार को सुरक्षित दूसरी तरफ पहुंचाया।

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button