सीजी- कोरबा: चेकिंग के नाम पर बुजुर्ग से लूटीं अंगूठियां, महिला से चेन स्नेचिंग की कोशिश, एक महीने में तीसरी वारदात – INA

जिले में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दर्री थाना क्षेत्र में बाइक सवार ठगों ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर 65 वर्षीय बुजुर्ग से दो सोने की अंगूठियां ठग लीं। वहीं सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन स्नेचिंग की कोशिश की।
पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर बुजुर्ग से ठगी
पहली घटना दर्री थाना क्षेत्र के प्रगति नगर रोड की है। यहां 65 वर्षीय भागीराम कर्म प्रगति नगर रोड स्थित CISF क्वार्टर ऑफिस के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने बुजुर्ग से कहा कि . पुलिस की चेकिंग चल रही है और सोना-चांदी उतारकर रख दें। उनकी बातों में आकर भागीराम ने अपनी दो सोने की अंगूठियां उतार दीं। आरोपियों ने अंगूठियां अपने कब्जे में लीं और बाइक से फरार हो गए। ठगी गई दोनों अंगूठियों की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 304(2), 3(5) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: मध्यप्रदेश के कत्लखाने ले जा रहे थे चार भैंसें, पायलटिंग कर रही थीं दो बाइक; सात आरोपी गिरफ्तार
मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन खींचने की कोशिश
दूसरी घटना कोरबा शहर के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में एमपी नगर मुख्य मार्ग की है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ घंटाघर की ओर मॉर्निंग वॉक पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर गिर गईं लेकिन चेन नहीं टूटी और बदमाशों का प्रयास विफल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
एक महीने में तीसरी वारदात
पुलिस के सामने लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने चेकिंग के नाम पर एक बुजुर्ग को रोककर उनके गले से सोने की चेन उतरवा ली थी। आरोपी चेन लेकर फरार हो गए थे। उस मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
अब एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं के बाद शहर में बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दोनों नए मामलों में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।