खबर शहर , आगरा विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत: 79,832 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, 64 मेधावियों को 88 पदक – INA

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 92वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के बीच सोमवार को परीक्षा समिति परिषद की बैठक हुई। इसमें 3 अगस्त को होने वाले दीक्षांत समारोह से संबंधित प्रस्तावों और आंकड़ों को प्रस्तुत किया गया। समिति के सदस्यों ने आंकड़ों का परीक्षण करने के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान की।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 92वें दीक्षांत समारोह में कुल 79,832 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें संबद्ध महाविद्यालयों के 78,465 और विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के 1,197 विद्यार्थी हैं। इसके अलावा 167 पीएचडी और तीन डी.लिट सहित कुल 170 शोध उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

समारोह में 64 मेधावी छात्र-छात्राओं को 88 स्वर्ण एवं रजत पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 46 छात्राओं को 63 और 18 छात्रों को 25 पदक मिलेंगे। कुल 88 पदकों में 76 स्वर्ण और 12 रजत पदक शामिल हैं। स्नातक स्तर पर 25, स्नातकोत्तर स्तर पर 45 और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में 18 पदक प्रदान किए जाएंगे।

संबद्ध महाविद्यालयों के 78,465 उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 55,339 स्नातक, 8,787 स्नातकोत्तर और 14,339 प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के विद्यार्थी हैं। इनमें 39,879 छात्राएं और 38,586 छात्र शामिल हैं। वहीं विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के 1,197 विद्यार्थियों में 347 स्नातक, 363 स्नातकोत्तर और 487 प्रोफेशनल पाठ्यक्रम के विद्यार्थी हैं।

शोध उपाधियों में 167 पीएचडी और तीन डी.लिट शामिल हैं। पीएचडी प्राप्त करने वालों में 86 पुरुष और 81 महिला शोधार्थी हैं, जबकि डी.लिट की उपाधि एक पुरुष और दो महिला शोधार्थियों को प्रदान की जाएगी।

बैठक में कुलपति, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश, वित्त अधिकारी सुदर्शन, प्रो. मनु प्रताप सिंह, प्रो. ब्रजेश रावत, प्रो. रणवीर सिंह, प्रो. आरके अग्निहोत्री, प्रो. पवन कुमार, प्रो. पुष्पेंद्र सिंह और प्रो. संजय कुमार मिश्रा मौजूद रहे।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button