खबर शहर , यूपी: मेट्रो के पिलर सुनाएंगे आगरा के इतिहास की कहानी, एडीएन ने तैयार किया 75 लाख रुपये का प्लान – INA

 शहर की खूबसूरती को निखारने और यहां आने वाले पर्यटकों को यहां के समृद्ध इतिहास से रूबरू कराने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) एक और कवायद करने जा रहा है। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली मेट्रो लाइन के पिलरों को अब थीम बेस्ड कलाकृतियों और थीम पेंटिंग्स से सजाया जाएगा।

परियोजना के तहत एडीए लगभग 75.89 लाख रुपये खर्च करेगा। इस कार्य को पूरा करने के लिए छह माह की अवधि निर्धारित की गई है। इस पहल के माध्यम से मेट्रो पिलरों पर आगरा के पौराणिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों की झलक देखने को मिलेगी। एडीए इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम आवंटित कर रहा है।

मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि पिलरों पर होने वाली यह खूबसूरत पेंटिंग न केवल मेट्रो कॉरिडोर के सौंदर्य को बढ़ाएगी, बल्कि शहरवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को आगरा के गौरवशाली इतिहास और कला-संस्कृति से सीधा जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

इनर रिंग रोड जंक्शन की भी बदलेगी तस्वीर

कुबेरपुर स्थित इनर रिंग रोड जंक्शन का भी एडीए सुंदरीकरण कराएगा। शहर के प्रवेश द्वार और प्रमुख चौराहों को आकर्षक रूप देने के उद्देश्य से इस जंक्शन को आधुनिक और सुंदर कलाकृतियों व हरियाली से संजोया जाएगा। इसके लिए एडीए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च करेगा। एडीए ने इस कार्य को पूरा करने के लिए 12 महीने की समय-सीमा तय की है। सुंदरीकरण के बाद यह जंक्शन पर्यटकों और राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button