दिल्ली में MCD सफाईकर्मी की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या:ड्राइवर को साथी पर पत्नी के साथ बातचीत करने का था शक, घटना सीसीटीवी में कैद- INA NEWS

पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी से बातचीत करने के शक में दिल्ली नगर निगम के 27 वर्षीय सफाईकर्मी अनिल कुमार की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय अनिल कल्याणपुरी के 20 ब्लॉक में टिपर गाड़ी पर ड्यूटी कर रहा था। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें आरोपी लात-घूंसे मारने के बाद कमर से चाकू निकालकर हमला करता साफ दिख रहा है। पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी निवासी अनिल करीब छह महीने से निगम की टिपर गाड़ी पर हेल्पर का काम कर रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी का असली विवाद अनिल के साथी और गाड़ी चालक गुलशन से था, जो आरोपी की पत्नी से बातचीत करता था। आरोपी ने दोनों को घर आने से मना किया था, जिसके बाद रविवार सुबह करीब 7:30 बजे उसने इस वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज में दिखा खौफनाक मंजर पीली टी-शर्ट पहने आरोपी कमर में चाकू छुपाकर आया और अनिल का कॉलर पकड़कर पहले लात-घूंसे बरसाए। मारपीट के बाद आरोपी ने पेट में चाकू मार दिया और हथियार लहराता हुआ पैदल फरार हो गया। हमले के वक्त आसपास कई लोग खड़े थे, लेकिन किसी ने बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। अत्यधिक खून बहने के कारण अस्पताल में अनिल को मृत घोषित कर दिया गया। डीसीपी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |