Nation- 233 दिनों से पैदल चल रहे बरेली के अमित, लिया ऐसा संकल्प जानकर आप भी हो जांएगे हैरान- #NA

6000 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकले हैं अमित.
दिल्ली और लखनऊ से 250 किलोमीटर दूर बसा बरेली ‘नाथनगरी’ के नाम से जाना जाता है. बरेली का एक साधारण सा युवक आज असाधारण संकल्प के कारण चर्चा में बना हुआ है. नाम है ‘अमित’, लेकिन लोग अब उन्हें प्यार से ‘अमित बरेली वाला’ कहने लगे हैं. वजह है उनकी लंबी और लगातार जारी पदयात्रा. यहां आम इंसान कुछ किलोमीटर चलकर थक जाता है तो वहीं अमित पिछले 233 दिनों से लगातार पैदल चल रहे हैं. यह यात्रा सिर्फ रास्तों की नहीं, बल्कि मन, आत्मा और विश्वास की भी यात्रा है.
अमित पहले केदारनाथ और बद्रीनाथ की साइकिल यात्रा पूरी कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने करीब 6000 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू करने का संकल्प लिया. यह पदयात्रा 17 जून 2025 को बरेली से शुरू हुई थी, जो अब भी जारी है. अमित का कहना है कि यह सफर उन्होंने किसी प्रचार या प्रसिद्धि के लिए नहीं, बल्कि ईश्वर के प्रति कृतज्ञता और आत्मिक शांति के लिए शुरू किया है.
देश-विदेश के तीर्थों तक पैदल पहुंचे अमित
दरअसल, बरेली से निकलने के बाद अमित सबसे पहले नेपाल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन किए. इसके बाद उन्होंने भारत के कई बड़े तीर्थस्थलों तक पैदल यात्रा की. काशी विश्वनाथ, अयोध्या, ओंकारेश्वर, घृष्णेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर, सोमनाथ और नागेश्वर जैसे प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में उन्होंने पूजा-अर्चना की. हर जगह उनका एक ही भाव रहा श्रद्धा और शांति.
इस समय अमित अहमदाबाद से मेवाड़ के प्रसिद्ध तीर्थ सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए पैदल जा रहे हैं. आगे की योजना में वे महाकालेश्वर उज्जैन और फिर वृंदावन जाने वाले हैं. इन सभी पड़ावों के बाद वे वापस अपने गृह नगर बरेली लौटेंगे. रास्ते में जहां भी अमित रुकते हैं, लोग उनके संकल्प और सादगी से प्रभावित हो जाते हैं. कई जगह स्थानीय लोग उन्हें भोजन कराते हैं, ठहरने की व्यवस्था करते हैं और आगे की यात्रा के लिए हौसला बढ़ाते हैं. अमित कहते हैं कि यही लोगों का प्रेम और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
बरेली से पढ़ाई, अब पूरे देश में पहचान
अमित बरेली के तिलक इंटर कॉलेज और बरेली कॉलेज के छात्र रह चुके हैं. उनके पुराने शिक्षक और साथी आज उनकी इस अनोखी यात्रा पर गर्व महसूस कर रहे हैं. शहर में भी अमित की चर्चा जोरों पर है. लोग उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर देखकर प्रेरणा ले रहे हैं.
अमित अपनी यात्रा के अनुभव सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो और तस्वीरों के जरिए साझा करते हैं. लोग उनकी सादगी, धैर्य और विश्वास की खूब तारीफ कर रहे हैं. अमित का कहना है कि पैदल चलने से मन, शरीर और आत्मा तीनों का जुड़ाव होता है. शायद यही वजह है कि इतने लंबे सफर के बावजूद वे थकान महसूस नहीं करते.
बरेली में यह चर्चा भी है कि जब अमित अपनी पदयात्रा पूरी कर घर लौटेंगे तो शहर की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जा सकता है. फिलहाल अमित का सफर जारी है और नाथनगरी का यह बेटा आस्था, संकल्प और साहस की एक नई कहानी लिख रहा है.
233 दिनों से पैदल चल रहे बरेली के अमित, लिया ऐसा संकल्प जानकर आप भी हो जांएगे हैरान
देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,
#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,
.webp?w=220&resize=220,150&ssl=1)


.webp?w=390&resize=390,220&ssl=1)





