खबर शहर , अंसल प्रॉपर्टीज के 150 बैंक खाते कुर्क: एक करोड़ से अधिक का था बकाया, तहसील प्रशासन की टीम ने की कार्रवाई – INA

आगरा में बकाया राजस्व वसूली को लेकर सदर तहसील प्रशासन ने अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने कंपनी से 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि वसूलने के लिए कंपनी के 150 बैंक खातों को कुर्क किया है। यह कार्रवाई अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के निर्देश पर तहसीलदार सदर सतेंद्र सिंह की टीम ने की है।

दरअसल, अंसल प्रॉपर्टीज के खिलाफ कुल चार मांगपत्र (आरसी) लंबित चल रहे थे। इन आरसी के तहत कंपनी पर कुल 1,11,36,408 रुपये की राजस्व धनराशि बकाया थी। बार-बार के नोटिस के बाद भी इस राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को कंपनी के 150 बैंक खातों को कुर्क कर लिया। तहसील प्रशासन की यह बड़ी कार्रवाई देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित बैंकों पर हुई है। 

प्रशासनिक टीम ने नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित पंजाब नेशनल बैंक (एमसीबी) तथा केजी मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक (ईसीई हाउस) की शाखाओं में संचालित कंपनी के इन सभी 150 खातों को अटैच कर दिया है। तहसील प्रशासन ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि सरकारी बकाया राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली के लिए नियमों के तहत इस प्रकार की सख्त दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में तहसील सदर के संग्रह प्रभारी सभाजीत सिंह और मो. समद मिर्जा, संग्रह अमीन मनोज कुमार दुबे और राजीव मित्तल व अन्य शामिल थे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button