खबर शहर , आगरा से बड़ी खबर: झाड़ियों में मिला एक्सपायरी दवाओं का जखीरा, धनौली कनेक्शन की आशंका; जांच में जुटी टीम – INA

आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के हाथरस मार्ग स्थित काशीराम आवास के खंडहर और झाड़ियों में पुलिस ने एक्सपायरी दवाओं का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने दवाओं को जब्त कर लिया है और औषधि विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंचेगी। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले के तार हाल ही में धनौली में जब्त की गई दवाओं और टेढ़ी बगिया में खाली मिले गोदाम से जुड़े हो सकते हैं।
यह घटना आगरा में नकली और संदिग्ध दवाओं के कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सामने आई है। इससे पहले भी कई मौकों पर शहर में बड़ी मात्रा में नकली और एक्सपायरी दवाएं जब्त की जा चुकी हैं। औषधि विभाग की लखनऊ मुख्यालय की टीम ने भी फव्वारा स्थित कई मेडिकल फर्मों पर छापा मारा था, जहां से सरकारी और संदिग्ध दवाएं बरामद हुई थीं। इस मामले में तीन मेडिकल स्टोर को सीज भी किया गया था।
जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री के बिलों में गड़बड़ी पाई गई है। कई मामलों में नकली और सरकारी सप्लाई की दवाएं भी बरामद हुई हैं। इन दवाओं के नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। बीते साल अगस्त में भी एसटीएफ और औषधि विभाग ने मिलकर पांच गोदामों से करीब 71 करोड़ रुपये की दवाएं जब्त की थीं। इस मामले में यूनिस, वारिस, विक्की कुमार, सुभाष कुमार, हिमांशु अग्रवाल और फरहान के खिलाफ बीएनएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।