खबर शहर , Agra News: बूंदाबांदी से ही बिगड़ गया सीएम ग्रिड रोड का हाल – INA

आगरा। पौने 300 करोड़ रुपये की लागत से शहर में बनाई जा रहीं सीएम ग्रिड सड़कों का हाल महज बूंदाबांदी से ही बिगड़ गया। खोदाई करके छोड़ दी गईं सड़कों पर हुए गड्ढों में पानी भरा तो आसपास के रहने वालों का पैदल और दोपहिया वाहन से निकलना मुहाल हो गया। करीब पांच लाख से ज्यादा लोग सीएम ग्रिड सड़कों के अधूरे पड़े काम से परेशान हो गए।

बसई से इंदिरापुरम होते हुए अमर होटल तक दो हिस्सों में बनाई जा रही 4.5 किमी. लंबी सड़क पर गड्ढों के कारण चलना मुहाल है। इस सड़क के निर्माण में लापरवाही बरतने पर 6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है लेकिन हालात नहीं सुधरे। पखवाड़ेभर पहले ही इसी सड़क पर दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस फंस गई थी। अब शनिवार को बूंदाबांदी में ही सड़क के गड्ढों में पानी भर गया। यहां सावन मेले के बाद से ही काम अधूरा छोड़ दिया गया है।

सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सड़क के निर्माण में खामियों पर जुर्माने की सिफारिश की थी। इंदिरापुरम रोड निवासी डॉ. रमेश दीक्षित ने बताया कि 10 महीने से यहां बुरा हाल है। पहले धूल के गुबार थे तो बारिश में कीचड़ और जलभराव से फिसलन, गड्ढों में पानी भरने से चलना मुहाल है। हर दिन बाइक सवार गड्ढों में गिर रहे हैं। कई जगह सड़क धंस चुकी है। इसी सड़क के निर्माण में तीन माह पहले 12 कारें फंस चुकी हैं।

लापरवाही बरतने पर दर्ज होगी प्राथमिकी

सीएम ग्रिड सड़कों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने नाराजगी जताई है। उन्होंने समीक्षा बैठक के दौरान सीएम ग्रिड सड़कों का निर्माण कर रही फर्म के प्रतिनिधियों को फटकार लगाई और चेतावनी दी कि अगर लापरवाही के कारण किसी तरह का हादसा हुआ तो फर्म के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। बसई से इंदिरापुरम, अमर होटल, दिल्ली गेट से हरीपर्वत, सुभाष पार्क से मारुति एस्टेट, कालिंदी विहार से टेढ़ी बगिया तक निर्माणाधीन सीएम ग्रिड सड़कों की गुणवत्ता में कोई भी खामी पाई गई तो जुर्माने के साथ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने अवर अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए हैं।


Credit By Amar Ujala

Back to top button