खबर शहर , Agra News: कर्ज से परेशान किसान ने पेड़ से लटककर दी जान – INA

फतेहाबाद। डौकी थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा में कर्ज से परेशान एक किसान ने सोमवार रात पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव पेड़ से लटका देख परिजन और पुलिस को सूचना दी।


गांव कछपुरा थाना डौकी निवासी गंगा सिंह ने बताया कि उनके छोटे भाई पदम सिंह (42) पर समूह का करीब दो लाख रुपये का कर्ज था। इस कारण वह पिछले कई दिन से मानसिक तनाव में था। सोमवार को छोटे भाई हरिओम व मैंने उसे समझाया था कि कर्ज की चिंता न करे। पूरा कर्ज हम चुका देंगे। बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाएंगे। सोमवार रात खाना खाने के बाद पदम सिंह सोने के लिए कमरे में चला गया, लेकिन देर रात वह घर की दीवार फांदकर निकल गया। घर से करीब 50 मीटर दूर नगला कांस रोड स्थित पापरी के पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाकर उसने आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेतों पर जा रहे ग्रामीणों ने शव पेड़ से लटका देखा। सूचना पर पहुंचे परिजन ने शव को नीचे उतारा। डौकी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन के मुताबिक, मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र आयुष (7) तथा तीन पुत्रियां साक्षी (8), प्राची (6) और नैनी (4) को छोड़ गया है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button