खबर शहर , Agra News: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती ने ठगे सात लाख रुपये – INA

आगरा। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती और टेलीग्राम ग्रुप के जरिये वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर एक युवती ने सात लाख रुपये की ठगी कर ली। युवती ने ऑनलाइन काम और भारी मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करा ली। अब रकम निकालने के लिए सात लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


सदर बाजार के बुंदू कटरा निवासी मुकुल निगम ने बताया कि अपर्णा तेजस्विनी नाम की एक युवती से उनकी सोशल मीडिया पर बातचीत हुई। बातचीत बढ़ने पर युवती ने उन्हें वर्क फ्रॉम होम का लालच दिया। इसके बाद प्रॉपर्टीज हेल्प डॉट ऑनलाइन वेबसाइट पर उनका अकाउंट बनाकर वॉलेट में शुरुआती 1010 रुपये जोड़े गए। विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने काम शुरू करने के नाम पर पहले 10 हजार और फिर अगले दिन 50 हजार रुपये जमा कराए।

भरोसा दिलाया गया कि काम पूरा होने पर बोनस के साथ करीब एक लाख रुपये मिलेंगे। इसके बाद हर नए टास्क के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग की जाने लगी। उन्होंने टेलीग्राम पर दिए गए विभिन्न बैंक खातों में 13 से 15 अप्रैल के बीच कुल सात लाख रुपये से अधिक की रकम जमा कर दी। अब अपनी रकम निकालनी चाही तो सात लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं। ठगी का एहसास होने पर साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि पुलिस बैंक खातों और टेलीग्राम आईडी के जरिये आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button