खबर शहर , Agra News: खेरिया मोड़ से टर्मिनल तक बनेगा मॉडल रोड, जून अंत तक पूरी होगी जमीन की खरीद – INA

आगरा। धनौली रोड स्थित न्यू सिविल एन्क्लेव (एयरपोर्ट) के निर्माण कार्यों में अब और तेजी आएगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। खेरिया मोड़ से सिविल टर्मिनल तक के मार्ग का सौंदर्यीकरण कर इसे मॉडल रोड बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, किसानों की जमीन की रुकी हुई रजिस्ट्री प्रक्रिया को जून के अंत तक हर हाल में पूरा करने की चेतावनी भी दी।

सिविल टर्मिनल मार्ग और बाउंड्रीवॉल के किनारे सड़क विकसित करने के लिए 125 किसानों की भूमि अधिग्रहित की जानी है। अब तक 75 किसानों की रजिस्ट्री हो चुकी है, जबकि 50 किसानों की प्रक्रिया लंबित है। डीएम ने इस पर जवाब तलब करते हुए जून के अंत तक रजिस्ट्री पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी ने बताया कि 2.20 किमी. के मार्ग में 2 किमी. तक मिट्टी का काम पूरा हो चुका है।

एयरपोर्ट के आंतरिक जलभराव और खेरिया मोड़ से मलपुरा आबादी क्षेत्र तक सीवेज व वर्षा जल निकासी के लिए नया नाला बनेगा। इसके लिए सीएंडडीएस और सिंचाई विभाग को संयुक्त सर्वे कर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। आगरा विकास प्राधिकरण को खेरिया मोड़ से जगनेर मार्ग मलपुरा नहर तक सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए बजट प्रस्ताव बनाने को कहा गया है।

इनर रिंग रोड पर लगेंगे चार हजार पौधे

टर्मिनल परिसर से हटाए जा रहे पेड़ों के एवज में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 4 हजार नए पौधे लगाए जाने हैं। डीएम ने एनएचएआई और वन विभाग को इनर रिंग रोड या दक्षिणी बाईपास के किनारे पौधारोपण के लिए संयुक्त सर्वे कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा है।।

एक सप्ताह में सुचारू होंगे वैकल्पिक मार्ग

एयरपोर्ट की बाउंड्रीवॉल का काम पूरा हो चुका है, लेकिन 4 जगहों पर ग्रामीणों के लिए रास्ते खुले छोड़े गए हैं। इन्हें जल्द बंद किया जाएगा। डीएम ने पीडब्ल्यूडी को एक हफ्ते के भीतर ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग व्यवस्थित कर आवागमन सुचारू करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीए उपाध्यक्ष एम. अरून मोली, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button