खबर शहर , Agra News: समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के लिए आज अंतिम मौका – INA

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में स्नातक-परास्नातक विद्यार्थियों की पंजीकरण संख्या बढ़ाने के लिए समर्थ पोर्टल दोबारा खोले जाने के बावजूद प्रवेश की रफ्तार धीमी है। 21 सितंबर तक 1.77 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 1.06 लाख विद्यार्थियों के ही प्रवेश हुए हैं। करीब 71 हजार पंजीकृत विद्यार्थियों ने अब तक प्रवेश नहीं लिया है। समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के लिए 22 सितंबर आखिरी तारीख है।
समर्थ पोर्टल प्रभारी प्रो. मनु प्रताप सिंह ने बताया कि विवि और उससे संबद्ध कॉलेजों में स्नातक-परास्नातक व व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 2.06 लाख सीटें हैं। सीटों के सापेक्ष अब तक 1.77 लाख पंजीकरण ही हुए हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त हो जाएगी।
विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया 11 मई से शुरू की थी। पहले पंजीकरण की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित थी। तब तक 1.73 लाख विद्यार्थियों ने ही पंजीकरण कराया था। अतिरिक्त मौका देने के लिए पोर्टल दोबारा खोला गया।
पिछले सत्र से 13 हजार कम हुए पंजीकरण
पिछले सत्र में करीब 1.90 लाख विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इस बार 21 सितंबर तक यह संख्या 1.77 लाख है। पिछले सत्र की तुलना में करीब 13 हजार कम पंजीकरण हुए हैं। पंजीकरण के बाद विद्यार्थियों को संबंधित महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होती है। अब अंतिम दिन विश्वविद्यालय की कोशिश अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने की है।