खबर शहर , Agra News: मां आग में जली, बेटों के बयानों में बंट गई सच्चाई, आरोपी पति बरी – INA

आगरा। मां की जलकर मौत होने पर एक बेटे ने पिता पर पेट्रोल डालकर जला देने का आरोप लगाया, वहीं दूसरे बेटे-बहू ने अदालत में पिता के पक्ष में गवाही दी। कहा कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। पिता तो खुद बचाने में झुलस गए। इस पर एडीजे-10 प्रदीप कुमार ने थाना शाहगंज क्षेत्र के गांव पथौली निवासी आरोपी पति को साक्ष्य के अभाव में बरी करने के आदेश दिए।
थाना शाहगंज में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, अर्जुन शर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पिता ने 30 जनवरी, 2024 की रात 11:30 बजे मां अनीता शर्मा के ऊपर पेट्रोल डालकर आ लगा दी। शोर होने पर वह जाग गए। देखा तो पिता घर से भागकर जा रहे थे। मां को आग से बचाकर वह अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में वादी अर्जुन सहित 6 गवाहों के बयान दर्ज हुए। लेकिन अदालत में कहानी का दूसरा पक्ष भी सामने आया। आरोपी के दूसरे बेटे करण शर्मा और उनकी पत्नी सपना ने कहा कि मां की मौत शॉर्ट सर्किट से लगी आग के कारण हुई। बचाने में पिता खुद भी झुलस गए थे। बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि संपत्ति अपने नाम कराने के लिए अर्जुन पिता पर दबाव बना रहा था और इसी विवाद में झूठा मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मौके से पेट्रोल के बजाय हेक्सेन केमिकल से सना कॉटन स्लैब बरामद किया था, लेकिन उसकी विधि विज्ञान प्रयोगशाला से जांच कराए जाने की रिपोर्ट पत्रावली पर पेश नहीं की गई।