खबर शहर , Agra News: सरूज, मोहित, संदीप, यशपाल ने स्वर्ण पदक जीतकर जमाई धाक – INA

आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला एथलेटिक्स मीट के रोमांचक परिणामों के बाद, राष्ट्रीय जूनियर अंतर जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के नाम तय कर दिए गए हैं। अब नन्हीं उम्र के ये सितारे हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे।
अंडर-16 बालक वर्ग की 60 मीटर फर्राटा दौड़ में सरूज कुमार ने 7.16 सेकंड में पहुंचकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अंकित (7.25 सेकंड) दूसरे और शिवम दिलवाकर (7.37 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, 600 मीटर दौड़ में मोहित ने 1 मिनट 27.10 सेकंड का समय दर्ज कर स्वर्ण पदक जीता। अमित सिसौदिया दूसरे और विवेक तीसरे स्थान पर रहे।
लंबी कूद में संदीप ने स्वर्ण, गौरव रजत और गौरव यादव ने कांस्य पदक जीते। गोला फेंक में यशपाल सिंह रावत ने 12.30 मीटर और भाला फेंक में शिवम ने 49.90 मीटर का प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। पेंटाथलॉन में मंगल शर्मा प्रथम रहे। अंडर-14 बालक वर्ग की ट्रायथलॉन-ए में शिवा चौधरी (1663 अंक) ने शीर्ष स्थान, ट्रायथलॉन-बी में मनिंदर सिंह (2309 अंक) ने स्वर्ण पदक जीता। किड्स भाला फेंक में गोविंद ने 55.70 मीटर का प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया।
उधर, अंडर-16 बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में नैना पुष्कर (8.34 सेकंड) ने स्वर्ण पदक जीता। 600 मीटर दौड़ में पलक चाहर ने पहला और हनी वर्मा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में चंचल और भाला फेंक में तन्वी चाहर ने स्वर्ण पदक हासिल किया। पेंटाथलॉन में राधिका 1386 अंकों के साथ विजेता रहीं।