खबर शहर , Agra News: दो साल बाद आज से फिर ताजनगरी में सजेगी स्नूकर की महफिल – INA

आगरा। दो साल बाद ताजनगरी फिर स्नूकर के रंग में रंगने जा रही है। एक ओर प्रदेश के दिग्गज खिलाड़ी क्यू से जीत की राह तलाशेंगे तो दूसरी ओर घरेलू टेबल पर आगरा के खिलाड़ी भी अपने खेल से छाप छोड़ने उतरेंगे। सोमवार से शुरू हो रही राजा रामकुमार भार्गव स्मृति यूपी स्टेट जूनियर/सीनियर स्नूकर चैंपियनशिप में 17 जिलों के 88 खिलाड़ियों के बीच सात दिन तक रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

उत्तर प्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन (यूपीबीएसए) के तत्वावधान में आगरा बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता 21 से 27 सितंबर तक फतेहाबाद रोड स्थित होटल मैपल रिज में होगी। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 16 और सीनियर वर्ग के 72 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें आगरा के सात खिलाड़ी भी शामिल हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच 1.17 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

भारत के टॉप-10 स्नूकर खिलाड़ियों में शुमार आगरा के पारस गुप्ता भी सीनियर वर्ग में चुनौती पेश करेंगे। घरेलू माहौल में आगरा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर स्थानीय खेलप्रेमियों की खास नजर रहेगी।

उत्तर प्रदेश बिलियर्ड्स और स्नूकर एसोसिएशन के महासचिव विवेक अग्रवाल ने बताया कि 21 सितंबर को जूनियर वर्ग के मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का आगाज होगा। 22 सितंबर से सीनियर वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे। जूनियर वर्ग का फाइनल और पुरस्कार वितरण 23 सितंबर को होगा, जबकि सीनियर वर्ग का फाइनल 27 सितंबर को खेला जाएगा। मुकाबले सुबह 9:30 बजे शुरू होकर रात 9:30 बजे तक चलेंगे। खिलाड़ियों के लिए तीन टेबल लगाई गई हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए प्रयागराज, झांसी और लखनऊ से पांच रेफरी आगरा पहुंचेंगे। 27 सितंबर को होने वाले समापन समारोह के मुख्य अतिथि यूपीबीएसए के अध्यक्ष कुश भार्गव होंगे। प्रतियोगिता देखने के लिए दर्शकों की एंट्री निशुल्क रहेगी।

नेशनल टिकट के लिए भी होगी जंग

प्रदेश चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए हर फ्रेम महत्वपूर्ण होगा। प्रतियोगिता के मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूपीबीएसए के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं निर्यातक पूरन डावर होंगे। दिल्ली बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मनमीत भाटिया और एसबीए की चेयरपर्सन मनीषा शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगी। रविवार को प्रतियोगिता के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस दौरान सुमित अग्रवाल, ऋषभ जैन, देवांक अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button