खबर शहर , Agra News: ताज से 150 मीटर दूर असद गली में धंसा नाला – INA

आगरा। ताजमहल से महज 150 मीटर दूर कटरा फुलेल वार्ड की असद गली में नाला धंस गया। दो मीटर का हिस्सा धंसने से पुलिया और सड़क नाले में समाने का खतरा है। क्षेत्रीय पार्षद माता प्रसाद की शिकायत पर अपर नगर आयुक्त से निरीक्षण कर मरम्मत के आदेश दिए।
ताज पूर्वी गेट नाले के पास असद गली में करीब 70 साल पहले नाले का निर्माण कराया गया था। क्षेत्रीय पार्षद माता प्रसाद के मुताबिक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नाले का निर्माण कराया जाना चाहिए था, लेकिन तब इस हिस्से को छोड़ दिया गया। अब पाकटोला से ताज पूर्वी गेट तक ईंटों से बने नाले की जगह सीसी से नाले का निर्माण कराया जाए, अन्यथा इसके किनारे बने कई मकान ढह जाएंगे। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने क्षेत्र का निरीक्षण कर नाले के निर्माण के लिए तत्काल एस्टीमेट बनाने के निर्देश निर्माण विभाग को दिए हैं।
वहीं, ताजगंज के पाकटोला में पातीराम की बगीची के पास नाला धंसने से सड़क समा गई थी। नगर निगम ने शुक्रवार को धंसी सड़क का निर्माण पूरा करा दिया।नाले से घरों की नींव में जा रहे पानी को रोकने के लिए कंक्रीट डाली। हालांकि, घरों की नींव में पानी लगातार पहुंच रहा है। इससे छह घरों में आईं दरारें और चौड़ी हो रही हैं। पार्षद हेमेंद्र पाल सिंह ने कहा कि वह नगर आयुक्त से पूरे क्षेत्र के ईंटों के बने नालों की जगह सीसी नालों के निर्माण की मांग कर रहे हैं। नाले न बनाए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो जाएगा।