खबर शहर , Agra News: महिलाओं ने झूला झूलकर मनाया हरियाली तीज उत्सव – INA

फतेहाबाद। फतेहाबाद महिला मंडल की ओर से हरियाली तीज उत्सव पूनम अरुण दोनेरिया के आवास पर शुक्रवार को केंद्रीय संयोजिका रेनू संजय अनवारिया की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश वंदना और संकल्प गीत से हुआ।
अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता रवि शल्या, केंद्रीय रक्तदान संयोजिका शिवानी, भजन मंडली की बहनें और महिला मंडल की सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम में सभी बहनों का तिलक लगाकर और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई। कहा गया कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी सृष्टि भी सुरक्षित रहेगी। इसके बाद मनोरंजन के लिए तंबोला प्रतियोगिता कराई गई। इसमें ममता गुप्ता ने प्रथम, कल्पना गुप्ता ने द्वितीय तथा राखी गुप्ता और शिवानी गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समय पर पहुंचने का पुरस्कार रिंकी गुप्ता को दिया गया।
विजेता महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने सावन की मल्हार और गीतों का आनंद लिया। सावन के गीतों पर महिलाओं ने नृत्य किया और झूला झूलकर उत्सव का आनंद लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता रवि शल्या ने महिलाओं से गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्र कर देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने मिलकर स्वल्पाहार किया। इस अवसर पर रेनू गुप्ता, मीना गुप्ता, अर्चना गुप्ता, राखी गुप्ता, पूनम गुप्ता, रेखा गुप्ता आदि महिलाएं मौजूद रहीं।